
*गरियाबंद*:- छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा आयोजित कक्षा 12वीं की बोर्ड परीक्षा की जिले में सुव्यवस्थित और शांतिपूर्ण शुरुआत हुई। पहले दिन भौतिकी एवं भूगोल विषय की परीक्षाएं संपन्न हुईं। जिले में इस बार 10वी में 7 हजार 408 तथा 12वीं में 5 हजार 507 विद्यार्थी परीक्षा में शामिल हो रहे हैं। बोर्ड परीक्षा के सुचारू संचालन के लिए जिला प्रशासन द्वारा केंद्राध्यक्ष, पर्यवेक्षकों को बोर्ड के गाइडलाइन के कड़ाई से पालन के निर्देश जारी किए गए हैं तथा औचक निरीक्षण हेतु विभिन्न स्तर पर उड़नदस्ता टीम गठित किए गए हैं।
कलेक्टर बीएस उइके ने आज गरियाबंद के कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय एवं शासकीय बालक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में जाकर परीक्षा व्यवस्था व इंतजाम का जायजा लिया और परीक्षा को पूर्ण गोपनीयता और नियमानुसार संचालन के निर्देश दिए। आज जिले में प्रथम दिन 12वी की परीक्षा शांतिपूर्ण संपन्न हुआ, जिले के किसी भी परीक्षा केंद्र से नकल का कोई प्रकरण सामने नहीं आया, जिससे परीक्षा व्यवस्था की सख्ती और पारदर्शिता स्पष्ट रूप से दिखाई दी।

जिले में इस वर्ष बोर्ड परीक्षा के लिए कुल 68 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इनमें गरियाबंद ब्लॉक में 10, छुरा में 17, फिंगेश्वर में 19, मैनपुर में 13, तथा देवभोग में 09 केंद्र शामिल हैं। सभी केंद्रों पर मंडल द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अनुरूप व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। परीक्षा केंद्रों में गोपनीयता बनाए रखने, प्रश्नपत्रों की सुरक्षा तथा समयबद्ध संचालन के लिए विशेष प्रबंधन किया गया है। कलेक्टर बीएस सिंह उइके के निर्देशानुसार प्रशासनिक अधिकारियों ने परीक्षा प्रारंभ होने से पहले सभी केंद्रों की तैयारियों की समीक्षा की थी। परीक्षा के दौरान सतत निगरानी रखी गई और किसी भी प्रकार की अनियमितता पर तुरंत कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। परीक्षा की निष्पक्षता बनाए रखने के लिए उड़न दस्ते सक्रिय रहे और विभिन्न केंद्रों का निरीक्षण करते रहे। परीक्षा केंद्रों के बाहर सुबह से ही विद्यार्थियों और अभिभावकों में उत्साह का माहौल देखा गया। केंद्रों पर पेयजल एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं की व्यवस्था भी सुनिश्चित की गई थी।
जिला प्रशासन ने विद्यार्थियों से आगामी परीक्षाओं के लिए समय पर केंद्र पहुंचने, आवश्यक दस्तावेज साथ रखने और अनुशासन बनाए रखने की अपील की है। कलेक्टर ने जिला शिक्षा अधिकारी जगजीत सिंह धीर को परीक्षा केंद्रों की लगातार मॉनिटरिंग करने को कहा। जिला शिक्षा अधिकारी धीर ने रसेला, रूवाड़, कनसिंघी, कोसमी, फुलकर्रा, पिपरछेड़ी और दुल्ला सहित अन्य परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण किया।








