
माँ के नाम एक पेड़” — रतनपुर में वृक्षारोपण के ज़रिए प्रकृति और मातृत्व को दिया गया सम्मान
सर्व कुर्मी क्षत्रिय समाज बिलासपुर संभाग की भावनात्मक पहल, सरदार पटेल धर्मशाला परिसर में वृक्षारोपण कार्यक्रम संपन्न
रतनपुर:—-
“माँ सिर्फ़ जन्म नहीं देती, वो जीवन भर हर सांस के साथ हमारे होने की छाया बनी रहती है।”
इसी विचार को जीवंत करते हुए सर्व कुर्मी क्षत्रिय समाज बिलासपुर संभाग द्वारा “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के अंतर्गत एक मार्मिक वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह आयोजन रतनपुर में निर्माणाधीन सरदार पटेल धर्मशाला के प्रांगण में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम का उद्देश्य केवल वृक्षारोपण नहीं था, बल्कि प्रत्येक पौधे को अपनी माँ की स्मृति और ममता को समर्पित करना था। जैसे एक माँ निस्वार्थ भाव से अपने बच्चों की परवरिश करती है, ठीक वैसे ही ये पेड़ आने वाले समय में छाया, फल और जीवनदायिनी हवा देंगे। यह सिर्फ हरियाली नहीं, बल्कि भावनाओं, स्मृतियों और कर्तव्यों की एक जड़ है, जिसे आज सभी ने मिलकर सींचा।इस भावनात्मक अवसर पर छत्तीसगढ़ प्रदेश संयोजक आदित्य कश्यप, महासचिव महेंद्र कश्यप, भानु कश्यप, रामकुमार कश्यप, सुखदेव कश्यप, ज्ञानेंद्र कश्यप, अश्वनी कश्यप, विजय वर्मा, रामप्रसाद चंद्राकर, मनोहर लाल चंदेल, गौरी शंकर कश्यप, प्रमोद कश्यप, रूखमणी कश्यप, देवीप्रसाद कश्यप, अशोक कश्यप, रेवाराम गहवाई समेत समाज के अन्य सदस्य और युवा बड़ी संख्या में उपस्थित थे।
आदित्य कश्यप ने कहा, “एक पेड़ लगाना केवल प्रकृति की सेवा नहीं, यह माँ के प्रति हमारी भावनाओं का जीवंत प्रतीक है।” वहीं महेंद्र कश्यप ने इसे भावी पीढ़ियों को स्वच्छ व सुरक्षित पर्यावरण देने की दिशा में एक आवश्यक कदम बताया।
कार्यक्रम के अंत में सभी ने मिलकर यह संकल्प लिया कि इन पौधों की देखभाल वे अपनी माँ की तरह करेंगे, और हर साल समाज की ओर से यह परंपरा जारी रखेंगे।इस पहल ने यह साबित कर दिया कि जब भावनाएँ पर्यावरण से जुड़ती हैं, तब एक छोटा सा बीज भी एक महान परिवर्तन की शुरुआत बन सकता है।








