
बिलासपुर जिले में अवैध कबाड़ कारोबार के खिलाफ पुलिस की सख्ती लगातार जारी है। इसी बीच विभाग ने अनुशासनहीनता के मामले में अपने ही दो पुलिसकर्मियों पर बड़ी कार्रवाई की है।
मामला थाना कोनी क्षेत्र का है, जहां अवैध कबाड़ कारोबार में संलिप्त दो लोगों को पुलिस द्वारा पकड़कर थाने लाया गया था। लेकिन जांच के दौरान एक ऐसा दृश्य सामने आया जिसने विभाग को सख्त कदम उठाने पर मजबूर कर दिया।
जानकारी के मुताबिक थाना कोनी में पदस्थ प्रधान आरक्षक और एक आरक्षक आरोपियों के साथ बैठकर चाय पीते दिखाई दिए। विभाग ने इसे गंभीर लापरवाही और अनुशासनहीनता मानते हुए तत्काल प्रभाव से कार्रवाई की।
पुलिस अधीक्षक कार्यालय से जारी आदेश में प्रधान आरक्षक बलेश्वर तिवारी और आरक्षक अनुज जगाड़े को थाना कोनी से हटाकर रक्षित केंद्र बिलासपुर संबद्ध कर दिया गया है।
पुलिस अधिकारियों ने साफ कहा है कि अवैध कारोबारियों के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी और यदि किसी पुलिसकर्मी की भूमिका संदिग्ध पाई गई तो उसके खिलाफ भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल इस कार्रवाई के बाद पुलिस विभाग में साफ संदेश दिया गया है कि कानून व्यवस्था के मामलों में किसी भी तरह की लापरवाही या संदिग्ध संबंध बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे।








