धरमजयगढ़ से असलम खान की रिपोर्ट
हत्या में कई लोगों की संलिप्तता का आरोप, पुलिस पर संरक्षण देने का लगाया गंभीर आरोप
रायगढ़:—थाना कापू क्षेत्र के ग्राम कुम्हीचुंवा में हुई एक व्यक्ति की हत्या के मामले में मृतक की पत्नी ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े करते हुए रायगढ़ पुलिस अधीक्षक से न्याय की गुहार लगाई है। महिला का आरोप है कि उसके पति की हत्या में शामिल कई आरोपी आज भी खुलेआम घूम रहे हैं, जबकि पुलिस ने केवल एक आरोपी को गिरफ्तार कर मामले की इतिश्री कर ली है।
पीड़िता के अनुसार उसके पति देवव्रत तुरी की 26 अप्रैल 2026 की रात घर के भीतर सोते समय कथित रूप से पड़ोस में रहने वाले कुछ लोगों ने मिलकर हत्या कर दी। महिला ने आरोप लगाया है कि आरोपियों ने उसके पति के साथ मारपीट कर उनकी गर्दन मरोड़ दी, जिससे उनकी मौत हो गई। मामले में पुलिस ने केवल एक आरोपी करमसाय नगेसिया को गिरफ्तार कर जेल भेजा है, जबकि अन्य नामजद आरोपी अब तक पुलिस गिरफ्त से बाहर हैं।
महिला ने अपने आवेदन में दावा किया है कि हत्या की यह घटना अचानक नहीं हुई, बल्कि इसके पीछे पुरानी रंजिश थी। उसने बताया कि 11 मार्च 2026 को भी आरोपियों द्वारा उसके परिवार के साथ मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी दी गई थी। उस समय उसके पति ने थाना कापू में लिखित शिकायत भी दर्ज कराई थी, लेकिन आरोप है कि पुलिस ने शिकायत पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं की।
पीड़िता का कहना है कि यदि उस समय पुलिस आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करती तो उसके पति की जान बच सकती थी। महिला ने आरोप लगाया कि पुलिस की निष्क्रियता और कथित संरक्षण के कारण आरोपियों का मनोबल बढ़ा और उन्होंने इस जघन्य वारदात को अंजाम दिया।
अब पीड़िता ने रायगढ़ पुलिस अधीक्षक को आवेदन सौंपकर मामले की निष्पक्ष जांच, फरार एवं नामजद आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी तथा दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की है। उसने कहा है कि जब तक सभी आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होती, उसके परिवार को न्याय नहीं मिल पाएगा।
फिलहाल इस मामले को लेकर क्षेत्र में चर्चा का माहौल है। अब सबकी निगाहें पुलिस प्रशासन की आगामी कार्रवाई पर टिकी हुई हैं।








