बिलासपुर (छत्तीसगढ़) — सिटी कोतवाली थाना पुलिस ने नाबालिग बच्चों को नशे का इंजेक्शन देकर उन्हें नशे का आदी बनाने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार कर बड़ी कार्रवाई की है। आरोपी के कब्जे से भारी मात्रा में नशीली दवाइयाँ, इंजेक्शन, सिरिंज और नकद राशि बरामद की गई है।
पुलिस को दिनांक 30 जनवरी 2026 को सूचना प्राप्त हुई थी कि जूना बिलासपुर क्षेत्र में एक युवक नाबालिग बच्चों को नशे के इंजेक्शन देकर उनके जीवन से खिलवाड़ कर रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तत्काल घेराबंदी कर कार्रवाई की।
पुलिस को देखकर मौके से कुछ नाबालिग बच्चे भाग गए, जबकि एक संदिग्ध युवक को मौके पर ही पकड़ लिया गया। पूछताछ में उसने अपना नाम अमन विश्वकर्मा उर्फ टेंगा (उम्र 25 वर्ष), निवासी जूना बिलासपुर बताया।
आरोपी के कब्जे से जप्त सामग्री
400 नग Avil (Pheniramine Maleate) इंजेक्शन शीशी (10 ml)
Buprenorphine & Naloxone Tablets (नशीली दवा)
इंजेक्शन लगाने में प्रयुक्त सिरिंज
नशीली दवाओं की खाली शीशियाँ
₹700 नकद
जांच में सामने आया कि आरोपी इन नशीली दवाओं और इंजेक्शनों को मिलाकर नाबालिग बच्चों को नशे का आदी बनाने के उद्देश्य से उपयोग कर रहा था। यह कृत्य बच्चों के स्वास्थ्य और भविष्य के लिए अत्यंत घातक और अमानवीय माना गया है।
इन धाराओं में दर्ज हुआ मामला
आरोपी के खिलाफ —
धारा 77 जेजे एक्ट (बाल संरक्षण अधिनियम)
धारा 123, 275, 286 भारतीय न्याय संहिता (BNS)
के तहत अपराध पंजीबद्ध कर उसे विधिवत गिरफ्तार किया गया है।
आरोपी को न्यायालय में पेश कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस की सख्त चेतावनी और अपील
सिटी कोतवाली पुलिस ने अभिभावकों से अपील की है कि वे अपने बच्चों की गतिविधियों पर नजर रखें और किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या नशे से संबंधित जानकारी तुरंत पुलिस को दें। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नाबालिगों को नशे की गिरफ्त में धकेलने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त अभियान लगातार जारी रहेगा।






