ब्यूरो रिपोर्ट समय न्यूज़ लाइव
बिलासपुर/बिल्हा, :—-पैसे “झरन” (दुगुना) करने का लालच देकर लाखों रुपये की ठगी करने वाले गिरोह का बिल्हा पुलिस ने पर्दाफाश करते हुए 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से ठगी की रकम में से 1 लाख 85 हजार रुपये नकद जब्त किए गए हैं।
मामला थाना बिल्हा का है,
जहां प्रार्थी शिव कुमार चेरवा निवासी शरडी पाण्डूपारा, थाना चर्चा, जिला कोरिया (बैकुंठपुर) ने 3 फरवरी को थाना उपस्थित होकर लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में बताया गया कि आरोपीगण द्वारा झरन के नाम पर 2 लाख 50 हजार रुपये लेकर उसे 2 करोड़ रुपये बनाने का झांसा दिया गया और बाद में रकम हड़प ली गई।
शिकायत के आधार पर थाना बिल्हा में अपराध क्रमांक 78/2026 धारा 318(4), 3(5), 61(2) भारतीय न्याय संहिता के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया। मामले की जानकारी उप पुलिस महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर रजनेश सिंह को दी गई, जिनके निर्देश पर आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी के आदेश दिए गए।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मधुलिका सिंह एवं नगर पुलिस अधीक्षक चकरभाठा डी.आर. टंडन के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी बिल्हा द्वारा विशेष टीम गठित कर आरोपियों की पतासाजी की गई। पुलिस ने रिखीराम नवरंग, विजय राज, बृजबाई गोड, विमला बाई एवं वृहस्पति बाई गोड को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें आरोपियों ने झरन के नाम पर ठगी करना स्वीकार किया।

पुलिस ने आरोपियों से ठगी की रकम में से 1,85,000 रुपये नकद जब्त किए हैं। सभी आरोपियों को 3 फरवरी 2026 को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
इस कार्रवाई में निरीक्षक अवनीश पासवान, प्रधान आरक्षक अमर चंद्रा, अनिल बंजारे, आरक्षक अर्जुन जांगड़े, संतोष मरकाम, महिला आरक्षक सुनीता पाटले एवं चंदा यादव की महत्वपूर्ण भूमिका रही।









