
नगर पालिका को हो रहा राजस्व नुकसान,
पार्षद अजय साहू ने CMO को सौंपा पत्र
मुंगेली:– नगर पालिका परिषद मुंगेली क्षेत्र में बीते दो वर्षों से लगातार हो रहे नियम विरुद्ध अवैध निर्माण को लेकर अब मामला गरमाता जा रहा है। वार्ड पार्षद अजय साहू ने मुख्य नगर पालिका अधिकारी को लिखित आवेदन सौंपते हुए अवैध भवनों एवं अवैध कॉलोनियों में बनाए गए सी.सी. सड़कों और नालियों की जांच कर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।पार्षद अजय साहू ने अपने आवेदन में उल्लेख किया है कि नगर मुंगेली में बिना स्वीकृति के बनाए गए भवनों एवं अवैध कॉलोनियों के कारण नगर पालिका परिषद को भारी राजस्व हानि हो रही है। इसके बावजूद संबंधित मामलों में अब तक ठोस कार्रवाई नहीं की गई है, जिससे नियमों की अनदेखी करने वालों के हौसले बुलंद हैं।
आवेदन में यह भी कहा गया है कि अवैध कॉलोनियों में बनाए गए सी.सी. रोड और नाली जैसे निर्माण कार्य न केवल शासन के नियमों का उल्लंघन हैं, बल्कि भविष्य में नगर नियोजन और मूलभूत सुविधाओं के लिए भी गंभीर समस्या खड़ी कर सकते हैं।पार्षद ने मुख्य नगर पालिका अधिकारी से आग्रह किया है कि विगत दो वर्षों में हुए सभी अवैध निर्माण कार्यों की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध उचित वैधानिक कार्रवाई की जाए, ताकि नगर पालिका के राजस्व की रक्षा हो सके और शहर में कानून व्यवस्था बनी रहे।
अब देखने वाली बात यह होगी कि नगर पालिका प्रशासन इस शिकायत पर कितनी शीघ्र और प्रभावी कार्रवाई करता हैl









