
सीपत / बिलासपुर,:—थाना सीपत पुलिस ने एनटीपीसी सीपत स्थित फ्लाई ऐश कांटा घर के कंटेनरों में हुई लाखों रुपये की चोरी का सफलतापूर्वक पर्दाफाश करते हुए चार आरोपियों, दो विधि से संघर्षरत बालकों तथा चोरी का माल खरीदने वाले तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने चोरी गया शत-प्रतिशत सामान बरामद कर लिया है, जिसकी कुल कीमत लगभग ₹4,33,000 है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रार्थी अनंत कुमार वाष्णेय, अपर महाप्रबंधक (ऐश मैनेजमेंट विभाग), एनटीपीसी सीपत द्वारा रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी कि ग्राम कौड़िया के समीप राखड़ डेम क्षेत्र में स्थित दो कांटा (कंटेनर) घरों के ताले तोड़कर अज्ञात चोरों द्वारा रात्रि में चोरी की गई है। दोनों कंटेनरों से एसी, इन्वर्टर-बैटरी, कंप्यूटर सेट, प्रिंटर, डिस्प्ले यूनिट, टेबल-कुर्सी सहित कुल लगभग ₹4.33 लाख की संपत्ति चोरी होना पाया गया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर थाना प्रभारी सीपत द्वारा विशेष टीम गठित की गई। विवेचना के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम जांजी के कुछ युवक चोरी का सामान बेचने की फिराक में हैं। सूचना पर संदेही विष्णू सोनकर को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिसने अपने साथियों अमन खरे, गुलशन कुमार बंजारे, यश कुमार डोंगरे तथा दो अपचारी बालकों के साथ मिलकर चोरी करना स्वीकार किया।
आरोपियों की निशानदेही पर चोरी गया सम्पूर्ण माल आरोपियों एवं खरीदारों कृष्ण कुमार, गौतम खांडे एवं ईश्वर पटेल के कब्जे से बरामद कर लिया गया। पुलिस ने चारों आरोपियों एवं तीन खरीदारों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमाण्ड पर भेज दिया है, जबकि दो विधि से संघर्षरत बालकों को किशोर न्याय बोर्ड, बिलासपुर के समक्ष प्रस्तुत किया गया।

बरामद संपत्ति
एयर कंडीशनर – 02 नग,
बैटरी सहित इन्वर्टर – 02 नग,
डिस्प्ले यूनिट – 03 नग,
कंप्यूटर सेट – 02 नग,
प्रिंटर – 01 नग,
कुर्सी – 02 नग,
टेबल – 01 नग,
कुल अनुमानित कीमत – ₹4,33,000
उक्त प्रकरण में त्वरित कार्रवाई एवं शत-प्रतिशत मशरूका बरामद करने पर उमनि एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर द्वारा कार्रवाई में शामिल पुलिस टीम को नगद पुरस्कार देने की घोषणा की गई है।
कार्रवाई में शामिल पुलिस टीम
स.उ.नि. धर्मेंद्र यादव,
प्रधान आरक्षक 1032 मनहरण सिंह,
आरक्षक 1359 शरद साहू,
आरक्षक 809 रामसनेही साहू,
आरक्षक 827 प्रकाश जगत,
आरक्षक 1129 नितिश कश्यप।









