बिलासपुर से धनंजय तिवारी की रिपोर्ट
जिला बिलासपुर के चौकी बेलगहना क्षेत्र में पुलिस डॉग विमला की सूझबूझ और सतर्कता से दो दिन से लापता व्यक्ति को सकुशल बरामद कर लिया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 21.02.2026 को ग्राम डांडबछाली निवासी अरुण सिंह सिदार ने चौकी बेलगहना में रिपोर्ट दर्ज कराई कि उनके चाचा तरुण सिदार (उम्र 48 वर्ष), पिता कुंजराम सिदार, दिनांक 19.02.2026 की सुबह ग्राम तुलुफ स्थित खेत जाने के लिए घर से निकले थे, लेकिन रात तक वापस नहीं लौटे। 20.02.2026 को परिजनों द्वारा तलाश करने पर जानकारी मिली कि घटना दिनांक को तरुण सिदार को उनके साथी भक्तनारायण, सूरज सिंह, बलराम सिदार एवं शत्रुघ्न सिदार के साथ खेत में शराब पीते हुए अंतिम बार देखा गया था।
परिजनों द्वारा अनहोनी की आशंका व्यक्त करने पर चौकी बेलगहना में गुम इंसान कायम कर वरिष्ठ अधिकारियों को सूचित किया गया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) श्रीमती मधुलिका सिंह एवं अनुविभागीय अधिकारी (कोटा) श्रीमती नूपुर उपाध्याय के निर्देशन में टीम गठित कर तत्काल खोजबीन शुरू की गई।
तलाशी के दौरान घटनास्थल से तरुण सिदार की टोपी एवं चप्पल बरामद हुई। इसके बाद डॉग स्क्वाड की सहायता ली गई। बिलासपुर से पुलिस डॉग विमला एवं डॉग हैंडलर मनोज साहू मौके पर पहुंचे। डॉग विमला ने बरामद वस्तुओं को सूंघकर लगभग 10 किलोमीटर तक सर्च ऑपरेशन चलाया और पहाड़बछाली के घने जंगलों में तरुण सिदार को अचेत अवस्था में बरामद किया।
प्रारंभिक उपचार के बाद तरुण सिदार ने बताया कि अधिक शराब सेवन के कारण वे नशे की हालत में रास्ता भटक गए थे और 19 फरवरी की रात से जंगल में ही भूखे-प्यासे पड़े रहे। समय रहते पुलिस द्वारा उन्हें खोज लिया गया, अन्यथा घने जंगल में कोई अप्रिय घटना घटित हो सकती थी।
पुलिस डॉग विमला की सक्रियता एवं टीम की तत्परता से एक संभावित बड़ी अनहोनी टल गई। उल्लेखनीय है कि पुलिस डॉग विमला पूर्व में भी अनेक मामलों में महत्वपूर्ण सफलता दिला चुकी है।








