
*गरियाबंद*:- असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों एवं छोटे व्यापारियों को सामाजिक सुरक्षा प्रदान करने के लिए भारत सरकार के श्रम एवं रोजगार मंत्रालय द्वारा संचालित प्रधानमंत्री श्रम योगी मानधन योजना एवं राष्ट्रीय पेंशन योजना-ट्रेडर्स के तहत जिले में विशेष पंजीयन अभियान चलाया जा रहा है। जिले में लगभग 2 हजार 400 पात्र हितग्राहियों के पंजीयन का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। जिला प्रशासन द्वारा श्रम विभाग, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग, नगरीय प्रशासन तथा सीएससी के समन्वय से दो चरणों में विशेष पंजीयन शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। दूसरे चरण में 16 फरवरी से 15 मार्च 2026 तक ग्रामीण क्षेत्रों में शिविरों के माध्यम से पात्र श्रमिकों का पंजीयन किया जा रहा है। इस अभियान के तहत मनरेगा श्रमिक, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, मितनिन, निर्माण श्रमिक, घरेलू श्रमिक, रिक्शा चालक, कृषि श्रमिक, फेरी-ठेला विक्रेता, कचरा बीनने वाले, बीड़ी श्रमिक, हस्तशिल्प श्रमिक, धोबी, चमड़ा कार्य करने वाले तथा अंतरराज्यीय श्रमिक जैसे असंगठित श्रमिकों को योजनाओं से जोड़ना है। 18 से 40 वर्ष आयु वर्ग के ऐसे व्यक्ति जिनकी मासिक आय 15,000 रुपये से कम है, इन योजनाओं के लिए पात्र होंगे, जबकि आयकरदाता, ईपीएफओ एवं ईएसआईसी से जुड़े व्यक्ति पात्र नहीं होंगे। पात्र हितग्राहियों को आयु के अनुसार प्रति माह 55 से 200 रुपये तक अंशदान करना होगा तथा समान राशि भारत सरकार द्वारा वहन की जाएगी। 60 वर्ष पूर्ण होने पर पात्रों को प्रतिमाह न्यूनतम 3000 रुपये पेंशन प्रदान की जाएगी। योजना का क्रियान्वयन भारतीय जीवन बीमा निगम के सहयोग से किया जा रहा है, और आवेदन लोक सेवा केंद्र या सीएससी सेंटर में आधार एवं बैंक विवरण के साथ किया जा सकता है।
जिले में आयोजित शिविरों के अंतर्गत 12 मार्च को देवभोग विकासखण्ड के सितलीजोर और मैनपुर विकासखण्ड भेजीपदर, 13 मार्च को गरियाबंद विकासखण्ड के मैनपुर-2, फिंगेश्वर विकासखण्ड के मुडतरई और छुरा विकासखण्ड के मुंड़ागांव, 14 मार्च को देवभोग विकासखण्ड के भतराबहली और मैनपुर विकासखण्ड के दाबरीगुडा, 16 मार्च को गरियाबंद विकाखण्ड के चिखली और छुरा विकासखण्ड के कनसिंधी और फिंगेश्वर विकासखण्ड के जामगांव, 17 मार्च को देवभोग के कदलीमुड़ा और मैनपर विकासखण्ड के भाठीगढ़, 18 मार्च को गरियाबंद विकासखण्ड के मदनपुर, छुरा विकासखण्ड के दादरगांव पुराना, फिंगेश्वर विकासखण्ड के पोखरा और देवभोग विकासखण्ड के सीनापाली और मैनपुर विकासखण्ड के बोईरगांव में शिविर आयोजित किए जाएंगे।







