
रतनपुर थाना क्षेत्र में राहगीर से शराब पीने के लिए पैसे मांगकर मारपीट करने वाले दो आदतन बदमाशों को रतनपुर पुलिस ने चंद घंटों के भीतर गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार भेंड़ीमुड़ा रतनपुर निवासी शुभम राव मराठा ने थाना रतनपुर में रिपोर्ट दर्ज कराई कि 10 मार्च 2026 को वह रानीगांव की ओर से आ रहा था। इसी दौरान करैहापारा निवासी विकास उर्फ विक्कू रावत और राजा कश्यप उर्फ शनि ने उसका रास्ता रोक लिया और शराब पीने के लिए पैसों की मांग करने लगे। प्रार्थी द्वारा पैसे देने से मना करने पर दोनों आरोपियों ने अश्लील गाली-गलौज करते हुए उसके साथ मारपीट की।
मामले की शिकायत मिलने पर नवपदस्थ थाना प्रभारी प्रशिक्षु आईपीएस अंशिका जैन ने तत्काल कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम गठित की। पुलिस टीम ने आरोपियों की पतासाजी कर कुछ ही घंटों में दोनों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों में विकास उर्फ विक्कू रावत (24 वर्ष) पिता राजेंद्र रावत तथा राजा कश्यप उर्फ शनि (22 वर्ष) पिता रामझुल कश्यप, दोनों निवासी करैहापारा रतनपुर शामिल हैं। पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी प्रशिक्षु आईपीएस अंशिका जैन, निरीक्षक निलेश पांडेय, प्रधान आरक्षक गजेंद्र सिंह, आरक्षक धीरज कश्यप और गोविंद जायसवाल का विशेष योगदान रहा।









