
मिश्रीवाला स्थित शिव मंदिर आश्रम में परम पूज्य स्वामी चेतनानंद महाराज जी की पुण्यतिथि अत्यंत श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिक वातावरण में मनाई गई। यह आश्रम बेलगहना स्थित श्री सिद्धबाबा अद्वैत परमहंस आश्रम की शाखा के रूप में संचालित है। प्रतिवर्ष की भाँति इस वर्ष भी 9 मार्च को यह पावन आयोजन विधिवत सम्पन्न हुआ।

परम पूज्य श्री श्री 1008 श्री सद्गुरुदेव भगवान स्वामी श्री सदानंद महाराज परमहंस जी के प्रिय शिष्य, पूज्य स्वामी श्री चेतनानंद महाराज जी की पावन स्मृति में आयोजित इस कार्यक्रम में बेलगहना से पधारे परम श्रद्धेय सद्गुरुदेव भगवान जी के प्रिय शिष्य पूज्य स्वामी श्री शिवानंद महाराज जी का मंगलमय आगमन हुआ। उनके पावन सानिध्य और दिव्य मार्गदर्शन में समस्त धार्मिक कार्यक्रम सम्पन्न हुए।

इस अवसर पर विधिवत शिव पूजन, समाधि पूजन एवं गुरु पूजन किया गया। पूरे आश्रम परिसर में भक्ति, श्रद्धा और आध्यात्मिक भावनाओं का दिव्य वातावरण बना रहा, जहाँ उपस्थित श्रद्धालु भक्तों ने संतों के चरणों में अपनी आस्था अर्पित की।

पूज्य स्वामी श्री 108 श्री स्वामी शिवानंद महाराज जी ने भक्तों को संबोधित करते हुए मानव सेवा और जीव सेवा को ही परम धर्म बताया। उन्होंने कहा कि सभी जीव—चाहे किसी भी योनि में हों—परमात्मा की ही सृष्टि हैं, इसलिए उन्हें भोजन देना और उनकी सेवा करना वास्तव में परमात्मा की सच्ची सेवा है। उन्होंने करुणा, दया और सेवा भाव अपनाकर सभी प्राणियों के प्रति प्रेम रखने की प्रेरणा दी तथा ईर्ष्या, द्वेष और अहंकार से दूर रहकर प्रभु भक्ति से जुड़ने का संदेश दिया।
कार्यक्रम के पश्चात विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें जम्मू–कश्मीर सहित दूर–दूर से आए श्रद्धालु भक्तों ने प्रसाद ग्रहण कर पुण्य लाभ प्राप्त किया। इस अवसर पर छत्तीसगढ़, मध्यप्रदेश, उत्तरप्रदेश तथा अन्य प्रांतों से भी बड़ी संख्या में अनुयायी और श्रद्धालु उपस्थित रहे।

पूज्य स्वामी शिवानंद महाराज जी के पावन सानिध्य में आए हुए परिकर एवं भक्तों ने वैष्णो देवी मंदिर, शोआ माता मंदिर तथा पांडव गुफा के दिव्य दर्शन एवं पूजन कर विश्व कल्याण, मानवता के सुख, शांति और समृद्धि की मंगल कामना की। साथ ही भारत–पाकिस्तान सीमा क्षेत्र का भी दर्शन किया गया।
पूज्य स्वामी शिवानंद महाराज जी के जम्मू प्रवास के दौरान जब वे उसलापुर रेलवे स्टेशन पहुँचे, तब श्रद्धालु भक्तों ने पुष्पमालाओं, आरती और पूजन के साथ उनका भव्य स्वागत किया। तत्पश्चात पूज्य श्री बेलगहना के लिए प्रस्थान कर गए।

इस पावन अवसर पर व्यवस्था को सुव्यवस्थित एवं सुरक्षित बनाने हेतु पुलिस प्रशासन, छत्तीसगढ़ शासन (भारत सरकार)द्वारा सराहनीय कार्य किया गया ।
पूज्य श्री के पावन सानिध्य में श्रद्धा, सेवा और भक्ति का दिव्य संगम उपस्थित भक्तों के लिए अविस्मरणीय आध्यात्मिक अनुभूति बना। उनके मार्गदर्शन में देशभर के आश्रमों में भक्ति, सेवा और सत्संग की पावन धारा निरंतर प्रवाहित हो रही है। 🙏🌸






