
*गरियाबंद*:- कलार समाज गरियाबंद में महिला मंच के तत्वाधान में पारंपरिक होली मिलन समारोह का आयोजन बड़े ही उत्साह और उल्लास के साथ किया गया। कार्यक्रम महिला मंच की अध्यक्ष बिंदु सिन्हा के नेतृत्व में संपन्न हुआ, जिसमें समाज की बड़ी संख्या में महिलाओं ने भाग लेकर होली के रंगों और लोक परंपराओं के साथ उत्सव मनाया। कार्यक्रम के दौरान महिलाओं ने एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं और सामाजिक एकता व आपसी भाईचारे का संदेश दिया।
समारोह में महिला मंच की संरक्षक पुष्पांजलि सिन्हा ने वाद्य यंत्रों की मधुर धुन पर पारंपरिक फाग गीत प्रस्तुत किया। उनके गीतों ने पूरे वातावरण को होली के रंग में सराबोर कर दिया। फाग गीतों की धुन पर उपस्थित महिलाओं ने पारंपरिक नृत्य करते हुए होली उत्सव का आनंद लिया। कार्यक्रम में लोकगीतों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने माहौल को और भी उल्लासपूर्ण बना दिया।
इस अवसर पर महिला मंच की अध्यक्ष बिंदु सिन्हा ने कहा कि होली का त्योहार भारतीय संस्कृति में प्रेम, सौहार्द और सामाजिक समरसता का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजन समाज की महिलाओं को एकजुट करने का माध्यम बनते हैं। ऐसे कार्यक्रमों के माध्यम से न केवल पारंपरिक लोक संस्कृति और फाग गीतों को जीवित रखने का प्रयास किया जाता है, बल्कि समाज में आपसी सहयोग और भाईचारे की भावना भी मजबूत होती है। उन्होंने सभी महिलाओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि भविष्य में भी इसी तरह सामाजिक और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहेंगे।
कार्यक्रम के दौरान महिलाओं ने एक-दूसरे के साथ होली के गीत गाए, नृत्य किया और उत्सव का भरपूर आनंद लिया। पूरे कार्यक्रम में उत्साह और उमंग का माहौल देखने को मिला।
इस अवसर पर मुख्य रूप से ललिता सिन्हा, पूर्णिमा सिन्हा, ममता सिन्हा, रुचि सिन्हा, कौशल्या सिन्हा, रामेश्वरी सिन्हा, नीता सिन्हा, अनिता सिन्हा, भूमि सिन्हा, किरण सिन्हा, लक्ष्मी सिन्हा, रूपा सिन्हा, सरोज सिन्हा, त्रिवेणी सिन्हा, उषा सिन्हा, लीला सिन्हा, अमूल्या सिन्हा, दुर्गा सिन्हा, राधा सिन्हा, लक्ष्मी सिन्हा और चित्रा सिन्हा सहित समाज की अनेक महिलाएं उपस्थित रहीं और कार्यक्रम को सफल बनाने में सक्रिय भूमिका निभाई।






