
बिलासपुर :—थाना सिविल लाइन पुलिस ने क्षेत्र में चाकू लहराकर लोगों को भयभीत करने वाले दो युवकों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए उन्हें गिरफ्तार किया है। वहीं इलाके में अशांति फैलाने वाले दो अन्य व्यक्तियों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई भी की गई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 15 मार्च 2026 को थाना सिविल लाइन क्षेत्र के महाराणा प्रताप चौक, तालापारा के पास दो युवक हाथ में धारदार लोहे का चाकू लेकर आने-जाने वाले लोगों को डराते हुए क्षेत्र में दहशत फैला रहे थे। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दोनों आरोपियों को पकड़ लिया।
पुलिस ने आरोपियों शेरा मिरी (33 वर्ष) निवासी मिनीबस्ती जरहाभाठा और अभिषेक दिवाकर (24 वर्ष) निवासी मिनीबस्ती जरहाभाठा के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 25-27 के तहत कार्रवाई करते हुए उनके कब्जे से दो धारदार लोहे के चाकू जब्त किए।
इसके अलावा क्षेत्र में शांति व्यवस्था भंग करने की आशंका को देखते हुए पुलिस ने अमन बघेल (23 वर्ष) और मुकेश पुरी गोस्वामी (24 वर्ष) निवासी मिनीबस्ती जरहाभाठा के विरुद्ध प्रतिबंधात्मक कार्रवाई भी की है।
पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए इस तरह की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।









