
बिलासपुर :—थाना सकरी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए लावारिस खड़ी एक वाहन से करीब 40 किलोग्राम गांजा बरामद किया है। पुलिस ने वाहन और गांजा को जब्त कर अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 15 मार्च 2026 को सकरी पुलिस को सूचना मिली कि ग्राम भरनी मेला ग्राउंड स्थित पिंडारी मोड़ के पास एक वाहन पिछले दो दिनों से लावारिस अवस्था में खड़ा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और संदिग्ध वाहन की जांच की।

जांच के दौरान वाहन से गांजा जैसी तेज गंध आने पर पुलिस ने बारीकी से तलाशी ली। तलाशी के दौरान वाहन क्रमांक CG 29 A 3487 (टाटा Ace) में गाड़ी के नीचे विशेष रूप से बनाए गए चैंबर में गांजा छिपाकर रखा गया था। पुलिस ने उक्त चैंबर से करीब 40 किलोग्राम गांजा बरामद किया।
सकरी पुलिस ने वाहन और बरामद गांजा को जब्त कर लिया है, जिसकी कुल अनुमानित कीमत करीब 25 लाख 20 हजार रुपये आंकी गई है। मामले में अज्ञात आरोपी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पुलिस आगे की जांच में जुटी हुई है।








