
रतनपुर….. विकासखंड कोटा के आदिवासी बाहुल्य क्षेत्र स्थित प्राथमिक विद्यालय तिलकडीह की तीन छात्राओं ने जवाहर नवोदय विद्यालय प्रवेश परीक्षा 2026 में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर गौरवान्वित किया है। चयन सूची में स्थान बनाने वाली छात्राओं में कुमारी प्रकृति पोर्ते, कुमारी स्मृति नेताम और कुमारी अदिति सिंह जगत शामिल हैं, जिन्होंने अपनी कड़ी मेहनत से समूचे क्षेत्र का मान बढ़ाया है।

इस गौरवपूर्ण उपलब्धि के अवसर पर राज्यपाल पुरस्कार प्राप्त शिक्षक एवं कोच बलदाऊ सिंह श्याम के नेतृत्व में चयनित छात्राओं ने जिला कलेक्टर संजय अग्रवाल एवं कोटा एस. डी. एम अरविंथ कुमारंथ टी प्रशिक्षु कलेक्टर से सौजन्य मुलाकात की। भेंट के दौरान कलेक्टर ने छात्राओं की सफलता की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने विशेष रूप से शिक्षक बलदाऊ सिंह श्याम के समर्पित प्रयासों और नवाचारी शिक्षण पद्धति की प्रशंसा की, जिसके कारण ग्रामीण क्षेत्र के बच्चे निरंतर प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता के झंडे गाड़ रहे हैं। विदित है कि इसी सत्र इस विद्यालय के दो छात्रों का सैनिक स्कूल के लिए भी चयन हुआ है
उल्लेखनीय है कि तिलकडीह विद्यालय में राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के अनुरूप विद्यार्थियों को 21वीं सदी के कौशलों से लैस किया जा रहा है। यहाँ अनुभव आधारित शिक्षा, आईसीटी और पूर्व-व्यावसायिक शिक्षा के साथ-साथ प्रतियोगी परीक्षाओं की विशेष तैयारी कराई जाती है। शिक्षक बलदाऊ सिंह श्याम द्वारा आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के बच्चों को अपने गृह ग्राम फुलवारी पारा में रखकर आवश्यक सुविधाएं और मार्गदर्शन प्रदान किया जाता है। विद्यालय परिसर में निर्मित बाल उद्यान, किचन गार्डन और बाल म्यूजियम जैसे नवाचार बच्चों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।

जवाहर नवोदय विद्यालय केंद्र सरकार की एक महत्वाकांक्षी योजना है, जिसके तहत कक्षा 5वीं के मेधावी छात्रों का चयन कर उन्हें कक्षा 6वीं से 12वीं तक उत्कृष्ट एवं निःशुल्क आवासीय शिक्षा प्रदान की जाती है। छात्राओं की इस सफलता से क्षेत्र के अन्य विद्यार्थियों में भी उत्साह का संचार हुआ है।






