
*गरियाबंद*:- जिले के मैनपुर विकासखंड के दूरस्थ वनांचल क्षेत्र साहेबिनकछार ग्राम से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां दोस्तों के साथ साप्ताहिक बाजार गए एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। युवक का शव भुतबेड़ा गांव के रंगमंच में मिला, जिससे पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है। परिजनों ने घटना को लेकर हत्या की आशंका जताई है, वहीं पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

मिली जानकारी के अनुसार, साहेबिनकछार निवासी 26 वर्षीय तिलचंद मरकाम मंगलवार को अपने दो मित्रों विक्रम और मकरध्वज के साथ करीब 10 किलोमीटर दूर भुतबेड़ा साप्ताहिक बाजार घूमने गया था। देर रात दोनों मित्र तो अपने घर लौट आए, लेकिन तिलचंद घर नहीं पहुंचा।
रातभर इंतजार के बाद जब बुधवार सुबह परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की और दोस्तों से पूछताछ की, तो उन्होंने बताया कि तिलचंद भुतबेड़ा में ही रुक गया था। इसके बाद परिजन भुतबेड़ा पहुंचे, जहां रंगमंच में तिलचंद अचेत अवस्था में पड़ा मिला। उसे तत्काल मैनपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण और परिजन अस्पताल पहुंच गए। मामले की गंभीरता को देखते हुए मैनपुर थाना प्रभारी शिवशंकर हुर्रा मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी है।
पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। फिलहाल मौत के कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है, लेकिन परिजनों द्वारा जताई गई हत्या की आशंका को ध्यान में रखते हुए पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है।








