
रतनपुर… नगर में हाल ही में विद्युत विभाग द्वारा प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना के अंतर्गत एक शिविर का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में जिला कलेक्टर संजय अग्रवाल एवं प्रबल प्रताप जूदेव मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। वहीं, अति विशिष्ट अतिथि के तौर पर भाजपा जिलाध्यक्ष मोहित जायसवाल और नगर पालिका परिषद अध्यक्ष लवकुश कश्यप मंच पर उपस्थित रहे।कार्यक्रम के बाद नगर के कांग्रेस कार्यकर्ताओं में स्थानीय विधायक की उपेक्षा को लेकर गहरा रोष देखा गया। कांग्रेसजनों का आरोप है कि जानबूझकर क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि को नजरअंदाज किया गया, जो लोकतांत्रिक परंपराओं के खिलाफ है।इस मामले में जब रतनपुर विद्युत विभाग के प्रमुख अभियंता राजेंद्र जगत से सवाल किया गया, तो उन्होंने कहा कि कार्यक्रम के अतिथि उच्च अधिकारियों द्वारा तय किए गए थे, जिससे उन्होंने स्वयं को इस विवाद से अलग बताया।
नगर पालिका के नेता प्रतिपक्ष पुष्पकांत कश्यप ने कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि यह पहली बार नहीं है जब विभाग ने कांग्रेस से जुड़े जनप्रतिनिधियों की अनदेखी की है। उन्होंने आरोप लगाया कि पूर्व में भी कई कार्यक्रमों में स्थानीय प्रतिनिधियों को आमंत्रित नहीं किया गया और इस बार तो विधायक तक की उपेक्षा कर दी गई, जो पूरी तरह अस्वीकार्य है।वहीं, कांग्रेस के पूर्व प्रत्याशी शीतल जायसवाल ने भी नाराजगी जताते हुए कहा कि इस संबंध में जब उन्होंने विभागीय अधिकारी राजेंद्र जगत से बात की, तो उनका जवाब संतोषजनक नहीं था और उन्होंने जिम्मेदारी बड़े अधिकारियों पर डाल दी। उन्होंने चेतावनी दी कि इस मामले में उच्च स्तर पर जवाब मांगा जाएगा।

अब देखना होगा कि इस पूरे घटनाक्रम पर विद्युत विभाग क्या स्पष्टीकरण देता है और स्थानीय विधायक की उपेक्षा को लेकर उठे विवाद पर क्या कार्रवाई होती है।

बिजली विभाग के शासकीय कार्यक्रम में स्थानीय विधायक की उपेक्षा, कांग्रेसियों में रोष">







