
सीपत :– बिहार विधानसभा चुनाव के रुझानों ने शुक्रवार को राष्ट्रीय राजनीति में भूचाल ला दिया। 243 सीटों में से 200 से अधिक पर एनडीए की भारी बढ़त ने न केवल बिहार में सत्ता का समीकरण पलट दिया, बल्कि पूरे देश में भाजपा कार्यकर्ताओं के उत्साह को चरम पर पहुँचा दिया। रुझान बताते हैं कि भाजपा 90 से ज्यादा सीटों पर अग्रसर होकर सबसे बड़ी पार्टी बन गई है, वहीं जदयू भी 80 से अधिक सीटों पर मजबूत पकड़ बनाए हुए है। दूसरी ओर महागठबंधन के खेमे में मायूसी गहरा चुकी है—राजद 20 के आसपास जूझता दिखा, जबकि कांग्रेस महज 5 सीटों पर संघर्षरत रही। इस ऐतिहासिक बढ़त ने सीपत को भी उत्सव के रंग में रंग दिया।
नावाडीह चौक पर भाजपा के कार्यकर्ता, पदाधिकारी और समर्थक लहराते झंडों, गूंजते नारों और रंगबिरंगी आतिशबाजी के साथ खुशी में झूम उठे। गरमागरम जलेबियों की मिठास और देशभक्ति गीतों की धुनों ने पूरे क्षेत्र को उत्सव स्थल में बदल दिया। लोगों ने एक-दूसरे का मुंह मीठा करवाते हुए इसे मोदी युग की ऐतिहासिक विजय बताया। भाजपा नेता द्वारिकेश पांडेय ने कहा कि बिहार की यह जीत केवल विजय नहीं, राजनीतिक दिशा बदलने वाला युग-निर्माण क्षण है। महागठबंधन की राजनीति इस सुनामी में चकनाचूर हो चुकी है। बिहार ने संदेश दे दिया है कि देश को केवल मोदी जी का नेतृत्व स्वीकार है। अब बारी बंगाल की है भाजपा का विजय रथ रुकेगा नहीं, बढ़ेगा। जिला भाजपा ग्रामीण उपाध्यक्ष राज्यवर्धन कौशिक ने कहा कि यह जीत विकास की राजनीति की प्रचंड विजय है। कांग्रेस झूठे वादों और नकारात्मकता पर खड़ी राजनीति से बाहर हो चुकी है। बिहार के मतदाताओं ने साफ कर दिया है कि विश्व का सर्वमान्य नेतृत्व अब नरेंद्र मोदी जी के पास है।
यह सिर्फ जीत नहीं, एक मजबूत संदेश है—देश विकास चाहता है और विकास का दूसरा नाम भाजपा है। सीपत भाजपा मंडल अध्यक्ष दीपक शर्मा ने कहा कि बिहार ने स्पष्ट कर दिया कि सकारात्मक राजनीति और सुशासन का रास्ता केवल एनडीए से होकर जाता है। यह जीत ‘भारत की जीत’ है—विश्वास की, विकास की और स्थिर नेतृत्व की जीत। मोदी जी के नेतृत्व में राष्ट्र अभूतपूर्व गति से आगे बढ़ रहा है, और बिहार के मतदाताओं ने इसे मजबूत किया है। मंडल उपाध्यक्ष अभिलेश यादव ने कहा कि यह जनादेश बिहार की संस्कृति, विकास और सम्मान को नई ऊँचाइयों पर ले जाएगा। महिलाओं ने जिस भारी समर्थन के साथ भाजपा–एनडीए को विजयी बनाया है, उसने बता दिया कि मोदी जी के नेतृत्व में देश सुरक्षित भी है और प्रगतिशील भी। यह विजय सिर्फ चुनावी नतीजा नहीं—जनता का प्रचंड विश्वास है। सीपत भाजपा मंडल के महामंत्री हरिकेश गुप्ता ने कहा कि बिहार की जीत ने यह साबित कर दिया कि भाजपा का संगठन, विचार और नेतृत्व आज देश की पहली पसंद है। जनता ने जाति–धर्म की राजनीति को ठुकरा कर विकास, राष्ट्रहित और सुरक्षा पर भरोसा जताया है। हमारा विश्वास और दृढ़ हुआ है—मोदी जी हैं तो राष्ट्र सुरक्षित है, भारत आगे है। बिहार का यह जनादेश आने वाले वर्षों की राजनीति की दिशा तय करेगा और हम सभी कार्यकर्ता इस ऐतिहासिक क्षण के साक्षी बनकर गौरवान्वित हैं। जश्न में जिला कार्यकारिणी सदस्य मन्नू सिंह , भाजपा नेता मदनलाल पाटनवार, नंदनी साहू, रामनिहोर सूर्यवंशी, बांके बिहारी गुप्ता, हरिश्चन्द्र श्रीवास, अर्जुन शर्मा, रामू कौशिक, भाजयुमो अध्यक्ष तुषार चंद्राकर, ललित यादव, कुलेश्वर पाटनवार, नारायण साहू, शैलेंद्र पाठक, रामकुमार कुम्भकार, पुष्पेंद्र दास, ओम पाटनवार, गिरिजा मंडलोई, बलदाऊ यादव, विजय साहू, परमेश्वर सिदार सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे। पूरा क्षेत्र देर शाम तक आतिशबाजी, विजय घोष और देशभक्ति नारों से गूंजता रहा।









