
सीपत,,,,,होली एवं ईद पर्व के मद्देनजर क्षेत्र में शांति, सद्भाव और कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के उद्देश्य से कल 1 मार्च रविवार को दोपहर 3 बजे सीपत थाना परिसर में शांति समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की जाएगी। बैठक की अध्यक्षता तहसीलदार सोनू अग्रवाल करेंगे तथा उपपुलिस अधीक्षक लालचंद मोहले विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे। बैठक में दोनों प्रमुख त्योहारों के दौरान व्यवस्था, सुरक्षा, यातायात नियंत्रण, जुलूस मार्ग, ध्वनि नियंत्रण तथा आपसी समन्वय जैसे मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की जाएगी। प्रशासन का उद्देश्य है कि सभी समुदाय आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ त्योहार मनाएं तथा किसी भी प्रकार की अफवाह या विवाद की स्थिति उत्पन्न न हो। सीपत थाना प्रभारी राजेश मिश्रा ने क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों के पदाधिकारियों एवं गणमान्य नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में बैठक में उपस्थित रहने की अपील की है। उन्होंने कहा कि होली और ईद हमारे सामाजिक समरसता के प्रतीक पर्व हैं। प्रशासन और जनता मिलकर यदि सतर्क और सजग रहेंगे तो क्षेत्र में शांति और भाईचारे का वातावरण और मजबूत होगा। सभी से निवेदन है कि बैठक में आकर अपने सुझाव दें और प्रशासन का सहयोग करें। थाना प्रभारी ने यह भी स्पष्ट किया कि त्योहारों के दौरान पुलिस की विशेष पेट्रोलिंग एवं निगरानी व्यवस्था रहेगी, साथ ही असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रखी जाएगी। प्रशासन ने नागरिकों से अफवाहों से दूर रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की है, ताकि सीपत क्षेत्र में होली और ईद का पर्व पूरी खुशियों और आपसी सद्भाव के साथ संपन्न हो सके।









