
कोरबा जिले के थाना पसान क्षेत्र में पत्नी की हत्या करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। जानकारी के अनुसार ग्राम सारिसमार निवासी राजूलाल कूजूर ने चरित्र शंका के चलते अपनी पत्नी उर्मिला बाई की डंडे से मारकर हत्या कर दी।
मिली जानकारी के अनुसार प्रार्थी नन्नू कूजूर ने थाना पसान में रिपोर्ट दर्ज कराई कि 9 मार्च 2026 की रात लगभग 9 से 10 बजे के बीच वह अपने चाचा राजूलाल कूजूर के घर मुर्गा-भात खाकर अपने घर चला गया था। उसी रात किसी बात को लेकर राजूलाल कूजूर और उसकी पत्नी उर्मिला बाई के बीच विवाद हो गया। विवाद के दौरान आरोपी ने लकड़ी के बहिंगा (डंडे) से पत्नी के सिर पर वार किया और उसका सिर दीवार में पटक दिया, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं।

घटना के बाद रात करीब 3 बजे उर्मिला बाई की मौत हो गई। 10 मार्च की सुबह लगभग 7 बजे आरोपी ने घटना की जानकारी दी। सूचना मिलने पर प्रार्थी मौके पर पहुंचा, जहां उर्मिला बाई मृत अवस्था में पड़ी मिली। उसके सिर और मुंह पर गंभीर चोट के निशान थे तथा घर की दीवार पर खून के निशान पाए गए।
प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना पसान पुलिस ने आरोपी राजूलाल कूजूर (37 वर्ष) निवासी सारिसमार के खिलाफ अपराध क्रमांक 58/2026 धारा 103(1) भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
विवेचना के दौरान सीन ऑफ क्राइम मोबाइल यूनिट कोरबा के साथ घटनास्थल का निरीक्षण किया गया और आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में आरोपी ने चरित्र शंका के कारण पत्नी को डंडे से मारकर हत्या करना स्वीकार कर लिया।
पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर पुलिस ने आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी चंद्रपाल खांडे, प्रधान आरक्षक 335, आरक्षक कमल, राहुल बघेल, रतन राठौर सहित थाना पसान पुलिस स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।








