
रतनपुर….केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी योजना जवाहर नवोदय विद्यालय के अंतर्गत आयोजित कक्षा 5वीं की प्रतियोगी परीक्षा (सत्र 2025–26) में शासकीय प्राथमिक शाला तिलकडीह, जमुनाही (संकुल पोड़ी, विकासखंड कोटा, जिला बिलासपुर) की तीन प्रतिभावान छात्राओं ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए मेरिट सूची में स्थान प्राप्त किया है।विद्यालय की छात्रा कु. प्रकृति पोर्ते ने 90 प्रतिशत, कु. स्मृति पोर्ते ने 87.50 प्रतिशत तथा अदिति सिंह जगत ने 87.50 प्रतिशत अंक प्राप्त कर विद्यालय एवं जिले को गौरवान्वित किया है।
चयनित छात्राओं को अब जवाहर नवोदय विद्यालय में कक्षा 6 से 12 तक निःशुल्क शिक्षा एवं छात्रावास की सुविधा मिलेगी।इन छात्राओं की सफलता के पीछे उनके शिक्षक एवं कोच बलदाऊ सिंह श्याम (राज्यपाल पुरस्कार से सम्मानित) का विशेष योगदान रहा है। वे अवकाश के दिनों में अतिरिक्त कक्षाएं संचालित कर विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए निःशुल्क मार्गदर्शन प्रदान करते हैं। साथ ही, पालकों की सहमति से बच्चों को अपने निवास पर परिवार के सदस्य की तरह रखकर पढ़ाई भी कराते हैं।विद्यालय का शैक्षणिक रिकॉर्ड भी अत्यंत प्रभावशाली रहा है। अब तक यहां से 07 छात्र जवाहर नवोदय विद्यालय, 04 जवाहर उत्कर्ष योजना, 05 सैनिक स्कूल तथा 23 छात्र एकलव्य विद्यालय में चयनित होकर गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्राप्त कर रहे हैं। यही कारण है कि यह विद्यालय पूरे विकासखंड कोटा में प्रतियोगी परीक्षाओं का गढ़ माना जाता है।
उल्लेखनीय है कि पूर्व सत्र 2025 में कु. श्रद्धा पोर्ते तथा सत्र 2026 में कु. स्मृति नेताम ने अंग्रेजी की प्रतिष्ठित प्रतियोगिता वर्ड पावर चैंपियनशिप छत्तीसगढ़ 2026 में विजय प्राप्त कर विद्यालय का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया है।
शिक्षक बलदाऊ सिंह श्याम एवं स्थानीय समुदाय के सहयोग से विद्यालय का परीक्षा परिणाम लगातार 100 प्रतिशत रहा है, जो ग्रामीण क्षेत्र में शिक्षा के उत्कृष्ट मॉडल के रूप में प्रेरणादायक उदाहरण प्रस्तुत करता है।







