
बिलासपुर :—थाना तोरवा पुलिस ने अश्लील फोटो-वीडियो भेजकर ब्लैकमेलिंग और धोखाधड़ी करने वाले गिरोह के एक आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। आरोपी द्वारा सोशल मीडिया में वीडियो वायरल करने की धमकी देकर पीड़ित से 1,50,400 रुपये की ठगी की गई थी।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, प्रार्थी सुनील कुमार सूर्यवंशी ने थाना तोरवा में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 28 अगस्त 2025 की रात अज्ञात मोबाइल नंबरों से संपर्क कर उसे अश्लील वीडियो के माध्यम से ब्लैकमेल किया गया और यूपीआई के जरिए रकम ट्रांसफर करवा ली गई।
मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) पंकज कुमार पटेल के मार्गदर्शन और नगर पुलिस अधीक्षक गगन कुमार के नेतृत्व में टीम गठित की गई। साइबर सेल की मदद से जांच करते हुए संदिग्ध मोबाइल नंबरों और यूपीआई डिटेल के आधार पर आरोपी का लोकेशन नोएडा (उत्तर प्रदेश) में मिला।
थाना प्रभारी निरीक्षक अभय सिंह बैस के नेतृत्व में पुलिस टीम नोएडा पहुंची और स्थानीय पुलिस की सहायता से आरोपी गुरजीत कुमार (21 वर्ष), निवासी बिजनौर (उ.प्र.), हाल पता सेक्टर-07 फेस-01 नोएडा को गिरफ्तार किया गया।
पूछताछ में आरोपी के खिलाफ अपराध के पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर उसे 22 मार्च 2026 को गिरफ्तार किया गया तथा 25 मार्च 2026 को न्यायालय में पेश किया गया।
पुलिस ने बताया कि साइबर ठगी के ऐसे मामलों में लोगों को सतर्क रहने की आवश्यकता है और किसी भी अनजान व्यक्ति से ऑनलाइन संपर्क या लेन-देन करते समय सावधानी बरतनी चाहिए।






