
सीपत – थाना क्षेत्र के ग्राम सेलर में मामूली विवाद ने एक युवक की जान ले ली। रविवार दोपहर पानी की टंकी की सीढ़ियों में एक युवक का शव मिलने से पूरे गांव में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही सीपत पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए मामले की जांच शुरू की। बाद में पूछताछ में हत्या का खुलासा हुआ और आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया।
मिली जानकारी के अनुसार, रविवार दोपहर करीब 12 बजे ग्रामीणों ने बर भाठा स्थित पानी की टंकी के ऊपर जाने वाली सीढ़ियों के पास किसी व्यक्ति के पैर बाहर दिखाई देने पर संदेह जताया। पास जाकर देखने पर वहां एक युवक की लाश पड़ी मिली। इसके बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए और तत्काल इसकी सूचना सीपत थाना पुलिस को दी गई।
मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच के दौरान मृतक की पहचान गांव के ही राजू धुरी 32 वर्ष पिता स्वर्गीय सीताराम धुरी, के रूप में की। आसपास के लोगों से पूछताछ में पता चला कि पानी की टंकी पर गांव का ही अनिल केवट रह रहा था। वह वहीं खाना बनाता और रात में सोता था, जबकि उसकी पत्नी और बच्चे उससे अलग रहते हैं। पुलिस ने संदेह के आधार पर फरार अनिल केवट की तलाश कर उसे हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि शनिवार रात करीब 9 बजे राजू धुरी पानी की टंकी पर आया और वहीं सोने की जिद करने लगा।
इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ। गुस्से में आकर अनिल ने पास में रखी बांस की लाठी से राजू के सिर पर वार कर दिया। गंभीर चोट लगने से राजू सीढ़ियों में गिर पड़ा और उसकी मौत हो गई। सीपत पुलिस ने आरोपी अनिल केवट को हत्या के आरोप में गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। मामले की आगे जांच जारी है l

सीपत : मामूली विवाद बनी जानलेवा… लाठी के वार से हत्या, पानी टंकी की सीढ़ियों में मिली युवक की लाश">








