
बिलासपुर:— चौकी मल्हार थाना मस्तुरी क्षेत्र में राहगीर से मारपीट कर लूटपाट करने वाले चार आरोपियों को पुलिस ने घटना के चंद घंटों के भीतर गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के कब्जे से लूटी गई 1400 रुपये नगद राशि एवं घटना में प्रयुक्त बेल्ट जब्त की गई है।
मामले की जानकारी के अनुसार, प्रार्थी रामप्यारे राय (62 वर्ष), निवासी चौहा, 30 मार्च की रात लगभग 11:50 बजे डगनिया से शादी कार्यक्रम से लौट रहे थे। इसी दौरान चकरबेढ़ा और डगनिया के बीच आरोपियों—रोशन भंडारी, सुमित टंडन उर्फ बिट्टू, सुमित दिनकर उर्फ सोमू एवं मंजेश खूंटे—ने उन्हें रोककर पैसे की मांग की। विरोध करने पर आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए बेल्ट और हाथ-मुक्कों से मारपीट की तथा उनकी कमीज की जेब से 1400 रुपये लूट लिए।
घटना के बाद आरोपी पीड़ित को घायल अवस्था में छोड़कर फरार हो गए। पीड़ित रातभर घायल अवस्था में पड़ा रहा, जिसे सुबह गांव के लोगों ने घर पहुंचाया। इसके बाद परिजनों के साथ चौकी पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राजेश सिंह के निर्देशन में टीम गठित कर त्वरित कार्रवाई की गई। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने ग्राम चकरबेढ़ा से संदेहियों को पकड़कर पूछताछ की, जहां आरोपियों ने अपराध स्वीकार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी सुमित दिनकर से लूटी गई रकम 1400 रुपये तथा आरोपी मंजेश खूंटे से घटना में प्रयुक्त बेल्ट जब्त किया है। सभी आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
पुलिस ने बताया कि क्षेत्र में अपराध पर नियंत्रण के लिए लगातार कार्रवाई जारी रहेगी।





