
सीपत :– एनटीपीसी सीपत के राखड़ डेम क्रमांक-02 में कार्यरत ट्रैफिक मार्शल सुपरवाइजर के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। वाहन की जांच के दौरान नंबर प्लेट में गड़बड़ी पकड़ना सुपरवाइजर को भारी पड़ गया, जिसके बाद वाहन मालिक ने अपने साथियों के साथ मिलकर न केवल गाली-गलौज की, बल्कि मारपीट कर जान से मारने की धमकी भी दी। सीपत पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम गतौरा निवासी विजय कुमार वस्त्रकार (पिता राजू वस्त्रकार) जो 5 मार्च 2026 से राखड़ डेम क्रमांक-02 में ट्रैफिक मार्शल सुपरवाइजर के पद पर कार्यरत हैं। शुक्रवार सुबह करीब 9:30 बजे वह अपने ड्यूटी स्थल पर था। इसी दौरान एक हाइवा क्रमांक CG 13 AX 1914 राखड़ लोड कर पहुंचा, जिसे रोककर जांच की गई। जांच के दौरान पाया गया कि वाहन के आगे और पीछे अलग अलग नंबर प्लेट लगी हुई है। इस पर जब सुपरवाइजर ने ड्राइवर से पूछताछ की, तो ड्राइवर ने अपने मालिक देवी प्रसाद कुर्रे को फोन कर मौके पर बुला लिया। कुछ ही देर में देवी प्रसाद कुर्रे अपने अन्य साथियों के साथ मोटरसाइकिल से मौके पर पहुंचा और आते ही आक्रोशित हो गया। उसने सुपरवाइजर से मेरे वाहन को रोकने वाले तुम कौन होते हो कहते हुए अश्लील गाली गलौज शुरू कर दी। जब विजय कुमार ने इसका विरोध किया, तो आरोप है कि देवी प्रसाद कुर्रे और उसके साथियों ने मिलकर उनके साथ हाथ मुक्कों से मारपीट की, जिससे उनके गाल और पीठ में चोट आई। घटना के बाद विजय कुमार ने अपने साथी प्रदीप कुमार राठौर को फोन कर जानकारी दी। सूचना मिलने पर प्रदीप राठौर अपने साथी संदीप लहरे के साथ मौके पर पहुंचे, लेकिन आरोपियों ने उन्हें भी गाली-गलौज करते हुए मारने के लिए दौड़ा लिया, जिससे वे वहां से जान बचाकर निकल गए। घटना के आधार पर सीपत पुलिस ने आरोपी देवी प्रसाद कुर्रे के खिलाफ धारा 296 , 115 (2) , 351 (3) , 3 (5) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है। इस घटना के बाद डेम क्षेत्र में कार्यरत कर्मचारियों में आक्रोश का माहौल है। सुरक्षा व्यवस्था और कर्मचारियों की सुरक्षा को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। अब देखना होगा कि पुलिस प्रशासन इस मामले में आगे क्या सख्त कार्रवाई करता है।

एनटीपीसी सीपत में ट्रैफिक मार्शल सुपरवाइजर से मारपीट, नंबर प्लेट जांच बनी विवाद की वजह">








