
बिलासपुर जिले में अवैध खनिज उत्खनन और परिवहन के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। कलेक्टर संजय अग्रवाल के निर्देश पर खनिज विभाग की टीम ने जिले के अलग-अलग क्षेत्रों में छापेमारी कर 2 हाइवा और 6 ट्रैक्टर-ट्रॉली समेत कुल 8 वाहनों को जब्त किया है।
यह कार्रवाई 10 अप्रैल और 12 अप्रैल 2026 को चकरभाठा, रहंगी-बिल्हा, दगोरी, उमरिया, उड़गन, उड़नताल, खपरी, कोहरौदा, बर्तोरी, सेलर, पिपरा और खैरा जैसे कई क्षेत्रों में चलाए गए सघन जांच अभियान के दौरान की गई।

जांच के दौरान उड़नताल क्षेत्र में अवैध रूप से रेत परिवहन करते 2 ट्रैक्टर-ट्रॉली पकड़ी गईं। वहीं उमरिया में ईंट-मिट्टी का परिवहन करते 2 ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त किए गए। खैरा क्षेत्र से मुरुम का अवैध परिवहन करते एक हाइवा और अशोक नगर क्षेत्र से गिट्टी परिवहन करते एक अन्य हाइवा वाहन को भी कब्जे में लिया गया। इसके अलावा पिपरा क्षेत्र में रेत ले जा रहे 2 ट्रैक्टर-ट्रॉली भी जब्त किए गए।

इस प्रकार कुल 8 वाहनों पर कार्रवाई करते हुए उन्हें थाना बिल्हा और कोनी की अभिरक्षा में रखा गया है।
खनिज विभाग ने साफ किया है
कि अवैध खनिज गतिविधियों के खिलाफ यह अभियान लगातार जारी रहेगा और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन की इस सख्ती से साफ है कि अब अवैध खनन और परिवहन करने वालों पर किसी भी तरह की ढील नहीं दी जाएगी।

अवैध खनिज परिवहन पर प्रशासन का बड़ा एक्शन, 8 वाहन जब्त”">






