
बिलासपुर…छत्तीसगढ़ के पशुपालकों, किसानों और डेयरी संचालकों के लिए महत्वपूर्ण सूचना है। राज्य शासन के पशुधन विकास विभाग ने पशुपालन विभाग की मैदानी संस्थाओं के संचालन समय में बदलाव किया है।
नए आदेश के अनुसार जिले के सभी पशु चिकित्सालय, पशु औषधालय, कृत्रिम गर्भाधान केंद्र, कृत्रिम गर्भाधान उपकेंद्र तथा मुख्य ग्राम इकाइयां अब प्रतिदिन सुबह 8 बजे से दोपहर 1 बजे तक संचालित की जाएंगी।
संयुक्त संचालक पशु चिकित्सा सेवाएं डॉ. जी.एस.एस. तंवर ने बताया कि शासन के निर्देशानुसार शासकीय अवकाश के दिनों में भी इन संस्थाओं की सेवाएं जारी रहेंगी। अवकाश दिवस पर इनका संचालन सुबह 8 बजे से दोपहर 12 बजे तक किया जाएगा, ताकि पशुपालकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो और आवश्यक पशु चिकित्सा सेवाएं समय पर उपलब्ध हो सकें।
पशुधन विकास विभाग ने जिले के सभी पशुपालकों, डेयरी संचालकों, किसानों एवं आम नागरिकों से अपील की है कि वे निर्धारित समय के भीतर विभागीय सेवाओं का लाभ उठाएं। विभाग के अंतर्गत संचालित सभी मैदानी संस्थाएं अब नए समयानुसार नियमित रूप से कार्य करेंगी।
तो अगर आपको पशु चिकित्सा, कृत्रिम गर्भाधान या अन्य पशुपालन सेवाओं की आवश्यकता है, तो नए समय का ध्यान रखें और समय पर विभागीय सेवाओं का लाभ लें।

“पशुपालकों के लिए बड़ी खबर… पशुपालन विभाग की मैदानी संस्थाओं के संचालन समय में हुआ बदलाव, अब सुबह 8 बजे से दोपहर 1 बजे तक मिलेंगी सेवाएं।”">







