
बिलासपुर जिले के बिल्हा थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए आदतन हिस्ट्रीशीटर बदमाश सत्यप्रकाश उर्फ सत्या उर्फ प्रदीप घृतलहरे को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। आरोपी पर अवैध उगाही, मारपीट, धमकी और क्षेत्र में अशांति फैलाने के गंभीर आरोप हैं।
जानकारी के अनुसार, आरोपी सत्यप्रकाश घृतलहरे अपने साथियों के साथ मिलकर बिल्हा और चकरभाठा क्षेत्र में क्रेशर में चलने वाले ट्रक चालकों से अवैध रूप से पैसे वसूल रहा था। आरोप है कि वह शराब पीने के लिए पैसे मांगता था और पैसे नहीं देने पर वाहन चालकों के साथ मारपीट कर जान से मारने की धमकी देता था।

इतना ही नहीं, आरोपी ने ग्राम पंचायत दुर्गडीह के सामने टेंट और कुर्सियां लगाकर आने-जाने वाले वाहनों को रोकना शुरू कर दिया था। वह खुद को प्रभावशाली बताकर रॉयल्टी जांच के नाम पर वाहनों को रोकता और शासन-प्रशासन को चुनौती देते हुए अवैध वसूली करता था।
पीड़ित महेश शर्मा की शिकायत पर बिल्हा थाना में भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के निर्देशन में विशेष टीम गठित की गई।
मुखबिर से सूचना मिलने पर पुलिस ने सिरगिट्टी क्षेत्र में घेराबंदी कर आरोपी सत्यप्रकाश उर्फ सत्या को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर अवैध उगाही और मारपीट की घटना को स्वीकार कर लिया।

पुलिस ने घटनास्थल से टेंट और कुर्सियों को भी जब्त किया है। आरोपी को 18 जून 2026 को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है, जबकि मामले के अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

पुलिस का कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी के बाद आसपास के गांवों में शांति का माहौल है और आम लोगों ने राहत की सांस ली है।
बिल्हा पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई को क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनाए रखने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। खबरों के लिए बने रहिए हमारे साथ।







