
*गरियाबंद :-* भारत स्काउट्स एवं गाइड्स छत्तीसगढ़, जिला संघ गरियाबंद के तत्वावधान में जिले के वार्षिक कार्यक्रमानुसार आयोजित 5-दिवसीय जिला स्तरीय स्काउट-गाइड तृतीय सोपान निपुण जांच परीक्षा शिविर का समापन बुधवार को शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सेंदर विकासखंड फिंगेश्वर में भव्यता के साथ हुआ। 25 जुलाई से 29 जुलाई 2026 तक आयोजित इस शिविर के अंतिम दिन गरिमामयी वातावरण में ग्रेट कैंप फायर एवं समापन समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए परिसर में अतिथियों एवं स्काउट्स-गाइड्स द्वारा वृक्षारोपण भी किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में राजिम विधानसभा क्षेत्र के विधायक रोहित साहू उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता राज्य मुख्य आयुक्त भारत स्काउट एवं गाइड छग इंदरजीत सिंह खालसा ने की।
विशिष्ट अतिथियों में जनपद अध्यक्ष इंद्राणी नेहरू साहू,ओंकार साहू जिला स्काउट संघ, हरीश साहू सरपंच संघ जिलाध्यक्ष,राजू साहू, अध्यक्ष फनीकेश्वर नाथ महाविद्यालय फिंगेश्वर,जनपद पंचायत फिंगेश्वर की अध्यक्ष प्रतिनिधि नेहरू साहू, ग्राम पंचायत सेंदर की सरपंच गामिनी राकेश घृतलहरे, उपसरपंच तुलसी राम वर्मा, शाला विकास समिति के अध्यक्ष जनक राम साहू , छुईहा सरपंच गजेश्वर सिन्हा , सेंदर के पूर्व सरपंच रामाधार साहू, दुजराम साहू आदि की उपस्थिति रही। कार्यक्रम के दौरान मंच से अतिथियों ने स्काउट-गाइड्स के अनुशासन और राष्ट्र सेवा के जज्बे की सराहना की मुख्य अतिथि विधायक रोहित साहू ने कहा कि स्काउट और गाइड का जीवन हमें अनुशासन, सेवा और स्वावलंबन का पाठ सिखाता है। यहाँ बच्चे प्रतिकूल परिस्थितियों में भी जीना और दूसरों की मदद करना सीखते हैं। इस शिविर में जो निपुणता इन्होंने सीखी है, वह भविष्य में इन्हें जिम्मेदार और राष्ट्रप्रेमी नागरिक बनाएगी।
पर्यावरण की रक्षा के लिए किया गया वृक्षारोपण इस आयोजन की सार्थकता को और बढ़ाता है। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे इंदरजीत सिंह खालसा जी राज्य मुख्य आयुक्त, भारत स्काउट्स एवं गाइड्स छग ने कहा कि तृतीय सोपान निपुण जांच परीक्षा का यह दौर बच्चों के शारीरिक और मानसिक विकास के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। मुझे खुशी है कि गरियाबंद जिला संघ इस दिशा में बेहतर कार्य कर रहा है। यहाँ से तैयार होकर निकलने वाले स्काउट्स एवं गाइड्स आगे चलकर राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर छत्तीसगढ़ का नाम रोशन करेंगे। कार्यक्रम के दौरान “एक पेड़ माँ के नाम” व पर्यावरण जागरूकता का संदेश देते हुए अतिथियों, स्काउट मास्टर, गाइड कैप्टन एवं संभागियों द्वारा विद्यालय परिसर में विभिन्न छायादार व फलदार पौधों का वृक्षारोपण किया गया। अतिथियों ने लगाए गए पौधों की सुरक्षा व देखभाल का संकल्प भी दिलवाया।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ व ‘ग्रेट कैंप फायर’
समारोह का मुख्य आकर्षण ग्रेट कैंप फायर रहा, जिसमें स्काउट्स एवं गाइड्स ने पारंपरिक लोकनृत्य, देशभक्ति गीत, नाटक और साहसिक करतब प्रस्तुत कर उपस्थित सभी लोगों का मन मोह लिया। शिविरार्थियों ने कैंप फायर की ज्वाला के समक्ष स्काउट नियमों का निष्ठापूर्वक पालन करने का संकल्प दोहराया। अंत में जिला मुख्य आयुक्त एवं स्काउट गाइड जिला संघ गरियाबंद की ओर से सभी अतिथियों, शिक्षकों, आयोजकों और स्थानीय ग्रामीणों के प्रति इस सफल आयोजन हेतु धन्यवाद एवं आभार व्यक्त किया गया। इस दौरान जिला स्काउट संघ के रोमनलाल साहू की विशेष भूमिका रही।







