
गरियाबंद:- छुरा विकासखंड के ग्राम पिपराही में शनिवार को अमात गोंड समाज द्वारा आयोजित नवाखाई मिलन समारोह में राजिम विधायक रोहित साहू का पारंपरिक अंदाज में भव्य एवं जोरदार स्वागत किया गया। समाजजनों और ग्रामीणों ने बाजे-गाजे, आतिशबाजी, चावल का तिलक, महुआ फूल की माला और कलश यात्रा के साथ विधायक का स्वागत किया।
पूरे आयोजन में आदिवासी संस्कृति और परंपरा की जीवंत झलक देखने को मिली।
कार्यक्रम में विधायक रोहित साहू ने समाजजनों एवं उपस्थित अतिथियों के साथ आदिवासी समाज के इष्टदेव भगवान बड़ादेव की विधिवत पूजा-अर्चना कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की। समारोह में बड़ी संख्या में समाज के लोग शामिल हुए।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विधायक रोहित साहू रहे। अध्यक्षता आदिवासी गोंड समाज सर्कल छुरा के संरक्षक यशपेंद्र शाह ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में जिला पंचायत कृषि सभापति लेखराज ध्रुवा, भाजपा मंडल अध्यक्ष खोमन चंद्राकर और जनपद अध्यक्ष मीरा ठाकुर मौजूद रहे। विशेष अतिथियों में भाजपा जिला महामंत्री चंद्रशेखर साहू, नगर पंचायत अध्यक्ष लुकेश्वरी निषाद, फणेश्वर महाविद्यालय फिंगेश्वर के अध्यक्ष राजू साहू, दुल्ला आदिवासी गोंड समाज छुरा राज के रणजीत ठाकुर, संरक्षक रामगोपाल ठाकुर, भाजपा नेता मानसिंग निषाद, पूर्व जिला पंचायत सदस्य केशरी ध्रुव, ग्राम पंचायत पिपराही की सरपंच कुमारी बाई, जनपद सदस्य संतोषी बाई, अमात गोंड समाज सर्कल छुरा के अध्यक्ष सुधेराम ठाकुर एवं केंद्रीय उपाध्यक्ष बिंद्रानवागढ़ संतन सिंह ठाकुर सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं समाज के पदाधिकारी उपस्थित रहे।
नवाखाई संस्कृति और सामाजिक एकजुटता का प्रतीक : विधायक
समारोह को संबोधित करते हुए विधायक रोहित साहू ने कहा कि नवाखाई केवल पर्व नहीं, बल्कि हमारी संस्कृति, परंपरा और सामाजिक एकजुटता का प्रतीक है। ऐसी परंपराएं समाज को पीढ़ियों से जोड़कर रखती हैं और इन्हें आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाना हम सभी की जिम्मेदारी है।
उन्होंने भगवान बड़ादेव से राजिम विधानसभा क्षेत्र की जनता के सुख, समृद्धि और खुशहाली की कामना करते हुए कहा कि जनता के आशीर्वाद और सहयोग से विकास की गंगा क्षेत्र के हर गांव तक पहुंचाना उनका संकल्प है।
विधायक ने कहा कि वे सभी समाजों के कार्यक्रमों में शामिल होते हैं। आदिवासी समाज में जिस तरह की एकजुटता, भाईचारा और अपनी संस्कृति के प्रति समर्पण देखने को मिलता है, वह प्रेरणादायक है। उन्होंने कहा कि हमारी परंपराएं ही हमारी पहचान हैं और इन्हें जीवित रखकर ही नई पीढ़ी को अपनी जड़ों एवं विरासत से जोड़ा जा सकता है।
आदिवासी समाज के सम्मान और विकास पर जोर
विधायक ने कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ आदिवासी समाज सहित पात्र परिवारों तक प्राथमिकता से पहुंचाना सरकार की प्रतिबद्धता है। उन्होंने कहा कि आदिवासी समाज की बेटी द्रौपदी मुर्मू का देश के सर्वोच्च संवैधानिक पद तक पहुंचना पूरे समाज के लिए गौरव का विषय है।
उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में विकास कार्यों को गति मिली है। जनता ने उन्हें विधायक के रूप में जो विश्वास दिया है, वह उनके लिए जनसेवा का संकल्प है।
आवास, महतारी वंदन और किसानों के मुद्दे गिनाए
विधायक ने कहा कि पात्र जरूरतमंद परिवारों को प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ मिल रहा है। उन्होंने महतारी वंदन योजना के तहत महिलाओं के खातों में प्रतिमाह एक हजार रुपये पहुंचने तथा किसानों से ₹3,100 प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदी का उल्लेख करते हुए कहा कि किसान, महिला, युवा और गरीब परिवारों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ना सरकार की प्राथमिकता है।
सड़क, शिक्षा और स्वास्थ्य को बताया प्राथमिकता
रोहित साहू ने कहा कि राजिम विधानसभा के हर गांव का विकास उनकी जिम्मेदारी है। उन्होंने कुसुममुड़ा चौक से चूरकीदादर तक टू-लेन सड़क, छुरा-कौंदकेरा-राजिम सड़क तथा छुरा-गरियाबंद मार्ग के चौड़ीकरण के लिए किए जा रहे प्रयासों का उल्लेख किया।
उन्होंने कहा कि शिक्षा और स्वास्थ्य विकास की बुनियाद हैं और इन क्षेत्रों में बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना प्राथमिकता है। विधायक ने बताया कि पिछले दो वर्षों में पिपराही पंचायत एवं आश्रित ग्रामों में करीब 50 लाख रुपये के विकास कार्यों की स्वीकृति दी गई है।
अमात गोंड समाज भवन में टीन शेड की घोषणा
समारोह के दौरान अमात गोंड समाज की मांग पर विधायक रोहित साहू ने अमात गोंड समाज भवन, पिपराही में टीन शेड निर्माण की घोषणा की। उन्होंने कहा कि समाज की आवश्यकताओं और सुविधाओं के लिए हरसंभव सहयोग किया जाएगा।
विधायक ने कहा कि “आपका आशीर्वाद, विश्वास और सहयोग ही मेरी सबसे बड़ी ताकत है। राजिम विधानसभा का विकास केवल मेरा संकल्प नहीं, बल्कि हम सबकी साझा जिम्मेदारी है।”
परंपरा के साथ विकास जरूरी : मीरा ठाकुर
जनपद अध्यक्ष मीरा ठाकुर ने कहा कि आदिवासी समाज के बीच विधायक रोहित साहू का आगमन गौरव और हर्ष का विषय है। उन्होंने नवाखाई को आदिवासी समाज की समृद्ध संस्कृति, परंपरा और आस्था का प्रमुख पर्व बताते हुए कहा कि भगवान बड़ादेव की पूजा-अर्चना और नए अन्न के भोग की परंपरा समाज को अपनी जड़ों से जोड़ती है।
उन्होंने कहा कि संस्कृति और परंपराओं के संरक्षण के साथ क्षेत्र का विकास भी प्राथमिकता है। समाज और जनप्रतिनिधियों के सहयोग से शिक्षा, सड़क, रोजगार और मूलभूत सुविधाओं के क्षेत्र में विकास को नई गति देने की दिशा में आगे बढ़ना होगा।
जिला पंचायत सभापति लेखराज ध्रुवा ने भी समारोह को संबोधित किया।
इस अवसर पर हिरमणी हरपाल, मीणा दुबे, गुलाबसिंग ठाकुर, संतनसिंग ठाकुर, महेश सोरी, पारस सोरी, मेदनीकुमार ध्रुवा, पुशनराम नेताम, भगतसिंग ठाकुर, मनोज ठाकुर, सुभाष ठाकुर, हरिवंश ठाकुर, चंदूराम ठाकुर, पंचरम ठाकुर, बुधराम ठाकुर, भिखम ठाकुर, महेंद्र सिंह ठाकुर, भिखुराम ठाकुर, जुगराम ठाकुर, कुलेश्वर ठाकुर, धनंजय ठाकुर सहित बड़ी संख्या में अमात गोंड समाज सर्कल पिपराही के समाजजन एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।

महुआ की खुशबू, चावल का तिलक और आतिशबाजी की गूंज… पिपराही में नवाखाई पर दिखी आदिवासी संस्कृति की भव्य तस्वीर”">







