ब्यूरो रिपोर्ट समय न्यूज़ लाइव
बिलासपुर जिले के तखतपुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध सट्टा कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो सटोरियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से एक मोबाइल फोन और ₹1,85,000 नगद राशि जब्त की गई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर जिले में जुआ, सट्टा और अवैध गतिविधियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) मधुलिका सिंह एवं एसडीओपी कोटा नूपुर उपाध्याय के मार्गदर्शन में तखतपुर पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि नया बस स्टैंड वेलकम गेट के पास सट्टा पट्टी का अवैध खेल संचालित किया जा रहा है।
सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी, जहां अभिषेक सिंह ठाकुर (35 वर्ष), निवासी शंकर वार्ड मल्हापारा, मुंगेली को सट्टा खिलाते रंगे हाथों पकड़ा गया। तलाशी के दौरान उसके पास से मोबाइल, ₹1.85 लाख नगद और सट्टा नंबर लिखी कॉपी जब्त की गई।
पूछताछ में आरोपी ने अपने साथी अस्मित गुप्ता (22 वर्ष) का नाम बताया, जिसे पुलिस ने हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपी मिलकर संगठित तरीके से सट्टा संचालन कर रहे थे।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम एवं संगठित अपराध की धाराओं के तहत कार्रवाई कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक विवेक कुमार पांडेय सहित पुलिस टीम के अन्य जवानों की सराहनीय भूमिका रही।






