
*गरियाबंद* रविवार को जिले में सामाजिक एकता और सांस्कृतिक गौरव का भव्य आयोजन संपन्न हुआ। जिला साहू संघ गरियाबंद द्वारा आयोजित शपथ ग्रहण समारोह ने पूरे जिले में उत्साह का माहौल बना दिया। यह कार्यक्रम साहू छात्रावास परिसर में आयोजित किया गया।
इस अवसर पर समाज के नव-निर्वाचित अध्यक्ष, उपाध्यक्ष सहित अन्य पदाधिकारियों को शपथ दिलाई गई और समाज सेवा के प्रति अपने दायित्वों के निर्वहन का संकल्प लिया गया। आयोजन को भव्य बनाने के लिए विशेष तैयारियां की गई थीं, जिससे कार्यक्रम एक यादगार उत्सव बन गया।
कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री अरुण साव मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। अध्यक्षता ताम्रध्वज साहू (पूर्व अध्यक्ष प्रदेश साहू संघ एवं पूर्व गृह मंत्री) ने की। प्रमुख अतिथि के रूप में विधायक रोहित साहू, चंदुलाल साहू (अध्यक्ष भंडार गृह निगम), विधायक संदीप साहू, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष टहल साहू, पूर्व सांसद चुन्नीलाल साहू, लाला साहू, पवन साहू, साधना साहू, सुनील साहू, भुनेश्वर साहू, नंदनी साहू, इन्द्राणी साहू, रिखी यादव (अध्यक्ष नपा गरियाबंद), अनिल चंद्राकर (अध्यक्ष भाजपा गरियाबंद), चित्ररेखा साहू सहित अनेक जनप्रतिनिधि, समाज के वरिष्ठ पदाधिकारी और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

कार्यक्रम की विशेष आकर्षण “रंग महल” सांस्कृतिक प्रस्तुति रही, जिसमें स्थानीय कलाकारों ने शानदार प्रदर्शन कर समां बांध दिया। यह आयोजन सामाजिक समरसता, परंपरा और प्रतिभा को एक मंच पर लाने का प्रयास रहा।
अरुण साव का संदेश: “भक्त माता कर्मा के आदर्शों पर चलकर समाज बने मजबूत”
अरुण साव ने जिला स्तरीय कार्यक्रम में साहू समाज को संबोधित करते हुए भक्त माता कर्मा के जीवन और उनके संदेशों को विस्तार से बताया। उन्होंने कहा कि माता कर्मा केवल आस्था की प्रतीक नहीं, बल्कि सेवा, त्याग और समाज एकता की मिसाल हैं।
उन्होंने कहा, “भक्त माता कर्मा का जीवन हमें सिखाता है कि सच्ची भक्ति केवल पूजा तक सीमित नहीं होती, बल्कि समाज की सेवा और मानवता की रक्षा में भी झलकती है।” उन्होंने समाज के लोगों से माता कर्मा के बताए मार्ग पर चलकर आपसी भाईचारा और सहयोग की भावना मजबूत करने का आह्वान किया।
उन्होंने आगे कहा कि साहू समाज हमेशा मेहनत, ईमानदारी और सामाजिक जिम्मेदारी के लिए जाना जाता है। यदि समाज एकजुट होकर आगे बढ़े, तो विकास की नई ऊंचाइयों को छू सकता है। अंत में उन्होंने जिला साहू संघ के छात्रावास के लिए 25 लाख रुपये की घोषणा की।
“युवा ही समाज की असली ताकत” — विधायक रोहित साहू का जोशीला संदेश
विधायक रोहित साहू ने युवाओं को जागरूक करते हुए कहा कि आज का युवा केवल अपने करियर तक सीमित न रहे, बल्कि समाज की जिम्मेदारियों को भी समझे। उन्होंने कहा, “शिक्षा हासिल करें, आगे बढ़ें, लेकिन अपनी जड़ों और समाज को कभी न भूलें।”
उन्होंने युवाओं को तीन मंत्र दिए—एकता, शिक्षा और सेवा। उनके अनुसार, यदि युवा इन तीन स्तंभों पर चलेंगे, तो न केवल खुद सफल होंगे, बल्कि समाज को भी नई दिशा देंगे।
उन्होंने कहा कि साहू समाज की पहचान मेहनत और ईमानदारी से बनी है और अब समय है कि युवा इस विरासत को आगे बढ़ाएं। साथ ही उन्होंने युवाओं से सामाजिक कार्यक्रमों में भाग लेने, बुजुर्गों का सम्मान करने और कमजोर वर्गों की मदद करने की अपील की।
“समाज हित सर्वोपरि” — जिला अध्यक्ष प्रवीण साहू का संबोधन
नवनिर्वाचित जिला अध्यक्ष प्रवीण साहू ने कार्यक्रम में सभी अतिथियों और समाजजनों का स्वागत करते हुए कहा कि यह आयोजन समाज के लिए ऐतिहासिक अवसर है।
उन्होंने कहा, “आप सभी की गरिमामयी उपस्थिति ने इस कार्यक्रम को विशेष बना दिया है, इसके लिए मैं जिला साहू संघ की ओर से आभार व्यक्त करता हूं।”
उन्होंने समाज के विकास के लिए एकजुट होकर कार्य करने, शिक्षा, सामाजिक एकता और युवा सशक्तिकरण को प्राथमिकता देने पर जोर दिया। उन्होंने कहा, “समाज तभी आगे बढ़ेगा, जब हम अपने कर्तव्यों को समझेंगे और मिलकर काम करेंगे।”
उन्होंने युवाओं से आगे आकर नेतृत्व करने और समाज को नई दिशा देने का आह्वान किया, साथ ही बुजुर्गों के अनुभव और मार्गदर्शन को साथ लेकर चलने की बात कही।

गरियाबंद में भव्य शपथ ग्रहण समारोह संपन्न, पहुंचे प्रदेश के उप मुख्यमंत्री अरुण साव">







