

बिलासपुर जिले में अवैध शराब कारोबार के खिलाफ पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी कड़ी में मस्तुरी पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध कच्ची महुआ शराब बेच रहे एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस अधीक्षक बिलासपुर रजनेश सिंह के निर्देश पर जिले में नशे के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में थाना मस्तुरी पुलिस द्वारा लगातार निगरानी और कार्रवाई की जा रही है।
इसी दौरान 5 जून को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम आंकडीह में एक व्यक्ति अपने घर में अवैध कच्ची महुआ शराब रखकर बिक्री कर रहा है। सूचना के आधार पर मस्तुरी पुलिस ने तत्काल दबिश दी और आरोपी संजय कुमार लहरे को शराब बेचते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से करीब 6 लीटर कच्ची महुआ शराब, जिसकी अनुमानित कीमत 1200 रुपये है, बरामद की है। आरोपी के खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है।
पुलिस ने जब्त शराब को अपने कब्जे में लेकर आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
अवैध शराब के खिलाफ मस्तुरी पुलिस की यह कार्रवाई क्षेत्र में नशे के कारोबार पर लगाम लगाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।









