
सार्वजनिक स्थान पर चाकू लहराकर लोगों को डराने वाला आरोपी जेल भेजा गया
रतनपुर पुलिस ने सार्वजनिक स्थान पर धारदार चाकू लहराकर लोगों को डराने-धमकाने वाले एक युवक को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक धारदार चाकू और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल जब्त कर आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की है। रतनपुर थाना क्षेत्र में कानून व्यवस्था बिगाड़ने और आम लोगों में दहशत फैलाने की कोशिश करने वाले एक युवक को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 19 जून 2026 को पेट्रोलिंग के दौरान सूचना प्राप्त हुई कि लखनीदेवी मंदिर गार्डन के सामने एक युवक मोटरसाइकिल में घूमते हुए राहगीरों को धारदार चाकू दिखाकर डरा-धमका रहा है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी उपनिरीक्षक विष्णु यादव के नेतृत्व में पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ लिया।

मौके पर आरोपी हाथ में धारदार चाकू लहराते हुए लोगों में भय का माहौल बना रहा था। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए उसे हिरासत में लिया और उसके कब्जे से एक धारदार चाकू तथा घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल जब्त की।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम परसराम सतनामी (34 वर्ष) निवासी नवगांव, थाना कोनी, जिला बिलासपुर बताया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर गिरफ्तार किया और न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि सार्वजनिक स्थानों पर असामाजिक गतिविधियों और लोगों में भय का माहौल बनाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।इस कार्रवाई में थाना प्रभारी रतनपुर उपनिरीक्षक विष्णु यादव, प्रधान आरक्षक बलदेव सिंह, आरक्षक पंचराम रजक एवं कीर्ति पैकरा की सराहनीय भूमिका रही।
पीटीसीरतनपुर पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर लोगों का विश्वास और मजबूत हुआ है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वाले तत्वों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।









