
पटैता में महिला कांग्रेस की बैठक, वीणा मसीह ने संगठन विस्तार और जनहित के मुद्दों पर महिलाओं का किया आह्वान
कोटा :—कोटा ब्लॉक के ग्राम पटैता में महिला कांग्रेस की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में आसपास के विभिन्न गांवों से बड़ी संख्या में महिला कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। कार्यक्रम में संगठन की मजबूती, महिलाओं की भागीदारी और जनहित से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक को संबोधित करते हुए महिला कांग्रेस की वरिष्ठ नेता वीणा मसीह ने कहा कि आने वाले समय की चुनौतियों का सामना करने के लिए महिलाओं को एकजुट होकर कांग्रेस की विचारधारा से जुड़ना होगा। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ प्राकृतिक और खनिज संपदा से समृद्ध राज्य है, जिसकी रक्षा और जनता के हितों की सुरक्षा तभी संभव है जब आमजन, विशेषकर महिलाएं, सामाजिक और राजनीतिक रूप से सक्रिय होकर अपनी जिम्मेदारी निभाएं।

उन्होंने महिलाओं से गांव-गांव तक कांग्रेस की नीतियों और जनहितकारी विचारों को पहुंचाने का आह्वान करते हुए कहा कि संगठन की सबसे बड़ी ताकत उसकी एकता और कार्यकर्ताओं का समर्पण है। बैठक में महिलाओं ने भी अपने क्षेत्र की समस्याओं और संगठन को मजबूत बनाने को लेकर अपने सुझाव रखे।

बैठक के अंत में महिलाओं ने कांग्रेस संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने तथा सामाजिक सरोकारों से जुड़े मुद्दों पर मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में आसपास के क्षेत्रों से आई महिला कार्यकर्ताओं की उल्लेखनीय उपस्थिति रही।

महिलाओं की एकजुटता से बचेगी छत्तीसगढ़ की खनिज संपदा, कांग्रेस विचारधारा को गांव-गांव तक पहुंचाएं”">







