ब्यूरो जिला समय न्यूज़ लाइव
बिलासपुर:—- सकरी थाना क्षेत्र में गुरु-चेला प्रथा को लेकर हुए विवाद ने खूनी रूप ले लिया। किन्नर समाज के दो सदस्यों के बीच शुरू हुआ विवाद इतना बढ़ गया कि एक किन्नर की गला दबाकर हत्या कर दी गई। सकरी पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना के चंद घंटों के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।
पुलिस के अनुसार, मृतक तन्नू खान और उसके गुरु भाई वर्षा जान तथा मीरा उर्फ आशीष 20 जुलाई को जोकी स्थित मीरा के घर पहुंचे थे। इसी दौरान रिया उर्फ राकेश (किन्नर) भी वहां आया। चारों ने साथ बैठकर शराब और मछली का सेवन किया। इसी बीच किन्नर समाज की गुरु-चेला परंपरा को लेकर बातचीत शुरू हुई, जो देखते ही देखते तीखे विवाद में बदल गई।
बताया गया कि तन्नू खान ने रिया से उसे गुरु मानने और समाज की परंपरा के अनुसार वार्षिक एवं मासिक राशि देने की बात कही। रिया ने खुद को किसी का गुरु या चेला मानने से इनकार कर दिया। इसी बात पर दोनों के बीच जमकर बहस हुई। बीच-बचाव और फोन पर समझाइश के बावजूद मामला शांत नहीं हुआ और दोनों पैदल ही वहां से निकल गए।
पुलिस जांच में सामने आया कि रास्ते में गुरु-चेला विवाद को लेकर रिया ने तन्नू खान का गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। उसकी निशानदेही पर मृतक का मोबाइल, चप्पल और चार्जर सहित अन्य सामान बरामद किया गया।
सकरी पुलिस ने वैज्ञानिक साक्ष्यों और आरोपी के बयान के आधार पर उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। इस पूरी कार्रवाई में सकरी थाना पुलिस की त्वरित जांच और सतर्कता की अहम भूमिका रही।







