
बिलासपुर:— साइबर अपराध के बढ़ते मामलों को लेकर छत्तीसगढ़ पुलिस ने प्रदेशभर में व्यापक जनजागरूकता अभियान की शुरुआत की है। इसी कड़ी में बिलासपुर पुलिस द्वारा भी 15 अगस्त से 2 अक्टूबर 2026 तक “साइबर जागृति अभियान” चलाया जाएगा। अभियान का उद्देश्य आम लोगों को साइबर अपराधों से बचाव के प्रति जागरूक करना और छत्तीसगढ़ को साइबर अपराध मुक्त बनाने की दिशा में जनभागीदारी सुनिश्चित करना है।

इस अभियान की खास थीम “साइबर जागृति की एक सेल्फी” रखी गई है। नागरिक छत्तीसगढ़ पुलिस और बिलासपुर पुलिस के सोशल मीडिया हैंडल्स पर जारी लिंक अथवा QR कोड को स्कैन कर जागरूकता संदेश वाली सेल्फी फ्रेम में अपनी तस्वीर लेकर सोशल मीडिया पर शेयर करेंगे। इससे साइबर सुरक्षा का संदेश अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचेगा।

अभियान के तहत बिलासपुर में पुलिस महानिरीक्षक रामगोपाल गर्ग और उप महानिरीक्षक/वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह ने प्रेस वार्ता के दौरान QR कोड और लिंक जारी कर अभियान का शुभारंभ किया। दोनों अधिकारियों ने स्वयं QR कोड स्कैन कर सेल्फी ली और उसे सोशल मीडिया पर साझा किया।
पुलिस महानिरीक्षक रामगोपाल गर्ग ने कहा कि जिस तरह देश की आजादी के लिए करोड़ों देशवासी एकजुट हुए थे, उसी तरह साइबर अपराध के खिलाफ भी सभी को मिलकर जागरूकता फैलानी होगी।

वहीं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह ने बताया कि सात सप्ताह तक अलग-अलग वर्गों को ध्यान में रखते हुए जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इनमें स्कूल-कॉलेजों में डिजिटल सुरक्षा, बैंकिंग संस्थानों में UPI और वित्तीय धोखाधड़ी से बचाव, वरिष्ठ नागरिकों के लिए डिजिटल अरेस्ट और फर्जी कॉल से संबंधित जागरूकता, महिलाओं के लिए स्मार्टफोन प्राइवेसी, युवाओं के लिए जॉब फ्रॉड और फिशिंग से बचाव तथा सोशल मीडिया और डेटा प्राइवेसी जैसे विषय शामिल हैं।

अभियान के अंतिम सप्ताह में ग्राम पंचायतों और नगरीय निकायों में गांधी जयंती के अवसर पर “साइबर मुक्त छत्तीसगढ़” का संकल्प दिलाया जाएगा। 2 अक्टूबर को अभियान का समापन होगा।
बिलासपुर पुलिस द्वारा चौक-चौराहों, बाजारों, पार्कों और सार्वजनिक स्थानों पर पोस्टर-बैनर के माध्यम से QR कोड का प्रचार किया जाएगा। सोशल मीडिया, व्हाट्सऐप ग्रुप और अन्य माध्यमों से भी लोगों को अभियान से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।
बिलासपुर पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है—साइबर अपराध से बचने के लिए सतर्क रहें, जागरूक रहें और “साइबर जागृति की एक सेल्फी” लेकर इस अभियान का हिस्सा बनें।
सतर्क रहें… जागरूक रहें…
साइबर अपराध के खिलाफ बिलासपुर पुलिस का साथ दें।

साइबर अपराध के खिलाफ बिलासपुर पुलिस का बड़ा अभियान, 15 अगस्त से 2 अक्टूबर तक चलेगा “साइबर जागृति अभियान”">








