
बिलासपुर जिला कार्यालय में आयोजित साप्ताहिक जनदर्शन में कलेक्टर संजय अग्रवाल और एसएसपी रजनेश सिंह ने जिलेभर से पहुंचे लोगों की समस्याएं सुनीं। जनदर्शन में सिंचाई, मुआवजा, बिजली, पीएम आवास, उज्ज्वला योजना और धान पर्ची से जुड़ी शिकायतें सामने आईं। कलेक्टर ने अधिकांश मामलों में संबंधित अधिकारियों को जांच कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
ग्राम पंचायत भैसाझार के सरपंच ने किसानों के लिए उद्वहन सिंचाई योजना का लाभ दिलाने की मांग रखी। वहीं लाखासार पंचायत में क्षतिग्रस्त विद्युत केबल की समस्या के जल्द निराकरण का आग्रह किया गया।
रतनपुर तहसील के बारीडीह निवासी कार्तिक राम यादव ने भारी बारिश से क्षतिग्रस्त मकान के लिए मुआवजा सहायता की मांग की। वहीं संतोष कुमार लोनिया ने प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना के तहत दुर्घटना बीमा की लंबित 5 लाख रुपये की राशि दिलाने की मांग रखी। उनके पुत्र की सड़क दुर्घटना में मृत्यु हो गई थी।
बारीडीह के अनुराग कुमार जायसवाल ने एनएच-45 निर्माण के लिए अधिग्रहित भूमि, मकान और बाउंड्रीवाल के लंबित मुआवजे की राशि दिलाने की मांग की। चिंगराजपारा की गनेशिया मानिकपुरी ने उज्ज्वला योजना में नाम सूची में आने के बावजूद गैस कनेक्शन का लाभ नहीं मिलने की शिकायत की।
इसके अलावा केकराड़ निवासी शिवकुमार ध्रुव ने धान पर्ची में नाम नाबालिग दर्ज होने की समस्या बताते हुए रिकॉर्ड में आवश्यक सुधार की मांग की।
जनदर्शन में कलेक्टर और एसएसपी ने लोगों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और संबंधित अधिकारियों को नियमानुसार त्वरित कार्रवाई कर निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस दौरान जिला पंचायत सीईओ संदीप अग्रवाल और अपर कलेक्टर डॉ. ज्योति पटेल भी मौजूद रहे।

जनदर्शन में कलेक्टर-एसएसपी ने सुनी लोगों की समस्याएं">








