
रतनपुर…कोटा क्षेत्र में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे “चेतना विरुद्ध नशा व प्रहार” अभियान के तहत कोटा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध महुआ शराब की खेप के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
पुलिस को 22 अप्रैल 2026 को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम कपसियां कला में एक व्यक्ति अवैध रूप से कच्ची महुआ शराब का भंडारण कर बिक्री कर रहा है। सूचना मिलते ही वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर तत्काल टीम गठित की गई।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण एवं अनुविभागीय अधिकारी पुलिस कोटा नुपूर उपाध्याय के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने ग्राम कपसियां कला में दबिश दी। कार्रवाई के दौरान आरोपी धनीराम कुर्रे (35 वर्ष) को गिरफ्तार किया गया।
तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से कुल 165 लीटर कच्ची महुआ शराब बरामद की गई, जिसकी अनुमानित कीमत 33 हजार रुपये बताई जा रही है। जब्त शराब में 15-15 लीटर के जरीकेन और पाउच शामिल हैं।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। इस कार्रवाई में निरीक्षक नरेश चौहान सहित पुलिस टीम के अन्य जवानों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।









