ब्यूरो रिपोर्ट समय न्यूज़ लाइव
जिला बिलासपुर के थाना सकरी पुलिस को बीट सिस्टम के तहत बड़ी सफलता मिली है। अवैध शराब परिवहन करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार करते हुए पुलिस ने भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब और दो स्कूटी वाहन जप्त किए हैं।

मिली जानकारी के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर रजनेश सिंह के निर्देश पर जिले में बीट सिस्टम लागू किया गया है, जिसके चलते पुलिस को लगातार असामाजिक गतिविधियों की सूचनाएं मिल रही हैं। इसी क्रम में 23 अप्रैल 2026 को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम हांफा मेन रोड में कुछ लोग अवैध शराब का परिवहन कर रहे हैं।

सूचना के आधार पर सकरी पुलिस ने मौके पर घेराबंदी कर आरोपी योगेन्द्र कुमार यादव उर्फ अमन (24 वर्ष) निवासी गिरधौना थाना सकरी एवं रवि वर्मा (26 वर्ष) निवासी जरौंधा थाना तखतपुर को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे से 335 पाव (60.300 लीटर) अंग्रेजी गोवा शराब, जिसकी कीमत लगभग 40,200 रुपये है, बरामद की गई। साथ ही स्कूटी क्रमांक CG 10 BE 8106 एवं CG 10 BZ 0370 को भी जप्त किया गया।
दोनों आरोपियों के विरुद्ध आबकारी एक्ट की धारा 34(2), 59(क) के तहत कार्रवाई करते हुए उन्हें गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस द्वारा अवैध शराब और नशे के कारोबार के खिलाफ लगातार कार्रवाई जारी है।






