
*गरियाबंद*: प्रदेश के प्रसिद्ध जतमई मंदिर मार्ग पर स्थित खतरनाक मोड़ एक बार फिर हादसे का कारण बन गया। रविवार शाम करीब 5 बजे भंडारा जाने वाले मोड़ के पास तेज रफ्तार मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बने एक सरकारी भवन से जा टकराई। हादसे में बाइक सवार तीन युवकों में से एक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बाइक गायडबरी की ओर से आ रही थी। आशंका जताई जा रही है कि वाहन तेज रफ्तार में था या चालक मोड़ को समझ नहीं पाया, जिसके चलते यह भीषण दुर्घटना हुई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बीच में बैठे युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि बाइक चला रहा युवक और पीछे बैठा युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
सूत्रों के मुताबिक मृतक युवक पंक्तियां ग्राम का निवासी बताया जा रहा है, वहीं घायल दोनों युवक तुमगांव क्षेत्र के रहने वाले हैं। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को उपचार के लिए छुरा अस्पताल ले जाया गया।
स्थानीय लोगों ने बताया कि जतमई माता मंदिर जाने वाला यह मोड़ लंबे समय से हादसों का केंद्र बना हुआ है। यहां पहले भी कई सड़क दुर्घटनाएं हो चुकी हैं, जिनमें कई लोगों की जान जा चुकी है। सड़क चौड़ीकरण के बाद वाहन चालक तेज रफ्तार में गुजरते हैं, लेकिन अंधे मोड़ पर पर्याप्त सुरक्षा और सुधार नहीं होने से लगातार हादसे हो रहे हैं।
ग्रामीणों का आरोप है कि सड़क निर्माण कंपनी ने मोड़ को सुरक्षित बनाने की दिशा में कोई विशेष सुधार नहीं किया। वहीं विभाग और जनप्रतिनिधियों की अनदेखी के चलते यह खतरनाक मोड़ आज भी लोगों की जान ले रहा है। स्थानीय लोगों ने मोड़ पर स्थायी सुरक्षा व्यवस्था और सड़क सुधार की मांग की है, ताकि आगे इस तरह की घटनाओं पर रोक लग सके।

जतमई मोड़ पर दर्दनाक सड़क हादसा: बाइक भवन से टकराई, एक युवक की मौत, दो गंभीर">








