
नारायणपुर:—- जिले के कलेक्ट्रेट कार्यालय में आयोजित साप्ताहिक जनदर्शन कार्यक्रम में कलेक्टर नम्रता जैन ने जिले के विभिन्न गांवों से पहुंचे नागरिकों की समस्याएं और मांगें गंभीरता से सुनीं। इस दौरान उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को प्राप्त आवेदनों पर त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश देते हुए समस्याओं के शीघ्र समाधान का भरोसा दिलाया।

जनदर्शन कार्यक्रम में ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग पहुंचे और सड़क, बिजली, पानी, आर्थिक सहायता, निर्माण कार्य, स्वास्थ्य उपचार तथा भूमि विवाद सहित कई समस्याओं से जुड़े आवेदन प्रस्तुत किए। ग्राम पंचायत तुरठा के सरपंच ने कड़हागांव के मंडलीपारा में ट्रांसफार्मर लगाने, जल जीवन मिशन के अंतर्गत सौर प्लेट टैंकर कनेक्शन सुधारने तथा निर्माण कार्य स्वीकृत करने की मांग रखी। वहीं छोटेडोंगर निवासी हेमलता भंडारी ने आर्थिक सहायता, मंगते बाई उसेण्डी ने भूमि विवाद और डुमेश्वरी मांझी ने आर्थिक सहायता हेतु आवेदन दिया।

गंभीर बीमारी के इलाज के लिए सुदेन पोटाई ने सहायता की मांग की, जबकि रामदास सलाम ने पुराने निर्माण कार्य का भुगतान दिलाने की मांग उठाई। भुनेश्वरी भुआर्य ने ड्यूटी स्थानांतरण, मालिंगनार की सरपंच लालदई ने पलिया निर्माण, तथा माहका ग्राम पंचायत के सरपंच ने श्मशान घाट में दहन शेड निर्माण एवं हैंडपंप स्थापना की मांग रखी।

इसके अलावा ग्रामीणों ने विद्युत ट्रांसफार्मर स्थानांतरण, सड़क और पुलिया निर्माण, स्कूल भवन पूर्ण कराने, सोलर बोरवेल सुधार, आंगनबाड़ी भवन निर्माण, सहायक शिक्षक नियुक्ति, खेल मैदान समतलीकरण और ग्राम पंचायत सीमांकन जैसे विभिन्न मुद्दों को भी जनदर्शन में उठाया।
कलेक्टर नम्रता जैन ने सभी आवेदनों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी आवेदनों का समय-सीमा के भीतर निराकरण सुनिश्चित किया जाएगा ताकि आम नागरिकों को राहत मिल सके।








