
अपराध नियंत्रण के लिए चर्चित रहे निलेश पांडे की वापसी से जनता उत्साहित
रतनपुर…थाना प्रभारी निलेश पांडे की पुनः पदस्थापना के बाद क्षेत्र में कानून व्यवस्था को लेकर नई चर्चाएं शुरू हो गई हैं। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि उनके पूर्व कार्यकाल में अपराध नियंत्रण, नशे के कारोबार पर अंकुश तथा यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए कई प्रभावी कदम उठाए गए थे, जिससे आम जनता में सुरक्षा की भावना मजबूत हुई थी।
बताया जाता है कि, बिलासपुर पुलिस अधीक्षक के निर्देशन एवं मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निलेश पांडे ने अपने कार्यकाल के दौरान अवैध शराब, गांजा और अन्य मादक पदार्थों के कारोबारियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया था। इसके साथ ही असामाजिक तत्वों, आदतन अपराधियों तथा कानून व्यवस्था को प्रभावित करने वाले व्यक्तियों पर नियमित कार्रवाई की गई थी। पुलिस की इन कार्रवाइयों से अपराधियों में भय का माहौल बना हुआ था।निलेश पांडे द्वारा तेज रफ्तार और लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाने वालों के खिलाफ भी सख्ती बरती गई थी। विशेष रूप से महामाया मंदिर में आयोजित नवरात्रि मेले के दौरान यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए स्पीड ब्रेकर सहित कई सुरक्षा उपाय किए गए थे।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इन प्रयासों के कारण मेले के दौरान सड़क दुर्घटनाओं में कमी आई और श्रद्धालुओं को सुरक्षित वातावरण मिला।ग्रामीण क्षेत्रों की महिलाओं ने भी अवैध शराब के खिलाफ चलाए गए अभियान की सराहना की थी। कई महिलाएं स्वयं थाना पहुंचकर पुलिस की इस मुहिम में सहयोग करने तथा अपने क्षेत्रों को नशामुक्त बनाने की इच्छा व्यक्त कर चुकी थीं।
वर्तमान में नगर में यह चर्चा का विषय बना हुआ है कि निलेश पांडे की वापसी से एक बार फिर अपराध नियंत्रण और कानून व्यवस्था को मजबूती मिलेगी। नगरवासियों का मानना है कि उनकी कार्यशैली निष्पक्ष,सक्रिय और जनहितकारी रही है। उनकी पुनः पदस्थापना से अपराधियों में खौफ और आम नागरिकों में विश्वास का माहौल बना है।

रतनपुर पुलिस की कमान फिर संभालेंगे निलेश पांडे, सुरक्षा को लेकर लोगों में भरोसा">







