
नवाचारी शिक्षण का मिला राष्ट्रीय सम्मान, पार्वती पोर्ते और सुनीता कुर्रे सम्मानित
बिरसा मुंडा राष्ट्रीय नवाचारी शिक्षक सम्मान–2026 से सम्मानित हुईं कोटा की दो शिक्षिकाएँ
रतनपुर.. शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट एवं नवाचारी योगदान के लिए विकासखंड कोटा की दो शिक्षिकाओं को प्रतिष्ठित “बिरसा मुंडा राष्ट्रीय नवाचारी शिक्षक सम्मान–2026” से सम्मानित किया गया है। यह सम्मान शासकीय प्राथमिक शाला दारसागर-1 की शिक्षिका पार्वती पोर्ते तथा शासकीय प्राथमिक शाला भनवारटंक की शिक्षिका सुनीता कुर्रे को राजिम-चंपारण, जिला रायपुर में आयोजित राष्ट्रीय समारोह में प्रदान किया गया।यह सम्मान समारोह शिक्षा सागर फाउंडेशन द्वारा आयोजित किया गया
, जिसमें देश के 18 राज्यों से आए नवाचारी एवं प्रेरणादायी शिक्षकों ने सहभागिता की। कार्यक्रम का संचालन संस्था के राष्ट्रीय अध्यक्ष शैलेश प्रजापति के नेतृत्व में तथा छत्तीसगढ़ संयोजक गायत्री मिश्रा एवं उनकी टीम के सहयोग से संपन्न हुआ।
दोनों शिक्षिकाओं को शिक्षा में नवाचार, खेल-खेल में शिक्षण, गतिविधि आधारित अधिगम, बच्चों के सर्वांगीण विकास तथा समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए किए जा रहे उल्लेखनीय कार्यों के लिए सम्मानित किया गया।इस राष्ट्रीय उपलब्धि से न केवल दोनों शिक्षिकाओं का सम्मान बढ़ा है,
बल्कि विकासखंड कोटा और छत्तीसगढ़ को भी राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिली है। उनकी इस सफलता पर शिक्षा जगत, जनप्रतिनिधियों एवं क्षेत्रवासियों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।


राष्ट्रीय मंच पर चमकीं कोटा की शिक्षिकाएँ, मिला बिरसा मुंडा नवाचारी शिक्षक सम्मान–2026">







