ब्यूरो रिपोर्ट समय न्यूज लाइव
बिलासपुर:;- जिले में अवैध शराब कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत बिल्हा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक आरोपी के कब्जे से 72 पाव अवैध देशी शराब बरामद की है। जब्त शराब की कुल मात्रा 12.960 लीटर एवं अनुमानित कीमत 6,240 रुपये बताई जा रही है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मधुलिका सिंह एवं नगर पुलिस अधीक्षक अनिता प्रभा मिंज के मार्गदर्शन में बिल्हा थाना क्षेत्र में अवैध शराब बिक्री और परिवहन पर लगातार निगरानी रखी जा रही थी।
इसी दौरान 4 जून 2026 को मुखबिर से सूचना मिली कि बिल्हा के संवरापारा निवासी बलराम संवरा (26 वर्ष) अपने घर में बड़ी मात्रा में अवैध शराब बिक्री के उद्देश्य से छिपाकर रखा हुआ है। सूचना पर बिल्हा पुलिस की टीम ने मौके पर दबिश दी और आरोपी के घर की तलाशी ली। तलाशी के दौरान एक टीन की पेटी से 24 पाव देशी मसाला और 48 पाव देशी प्लेन शराब, कुल 72 पाव बरामद किए गए।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
बिल्हा थाना प्रभारी निरीक्षक तोपसिंह नवरंग के नेतृत्व में हुई इस कार्रवाई में उप निरीक्षक जी.एल. चन्द्राकर सहित पुलिस टीम के अन्य जवानों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में अवैध गतिविधियों के खिलाफ आगे भी लगातार अभियान जारी रहेगा









