
सीपत :–पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देशन में चलाए जा रहे “चेतना विरुद्ध नशा अभियान” के तहत सीपत पुलिस ने अवैध शराब कारोबारियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम टेकर और सेलर में अवैध कच्ची महुआ शराब का निर्माण एवं बिक्री की जा रही है। सूचना के आधार पर 12 जून 2026 को सीपत पुलिस ने दोनों गांवों में रेड कार्रवाई की। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 42 लीटर अवैध कच्ची महुआ शराब बरामद की, जिसकी अनुमानित कीमत 12,600 रुपये बताई गई है।
गिरफ्तार आरोपियों में अजय वर्मा (24 वर्ष), निवासी टेकर तथा घासीराम सूर्यवंशी (34 वर्ष), निवासी सेलर शामिल हैं। पुलिस ने दोनों आरोपियों के विरुद्ध आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
सीपत पुलिस ने बताया कि क्षेत्र में अवैध नशे के कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा तथा ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी।







