
रतनपुर थाना पुलिस ने अवैध शराब कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो शराब कोचियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 30 पाव देशी प्लेन शराब और परिवहन में प्रयुक्त मोटर साइकिल जब्त की गई है।
रतनपुर। पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर जिले में नशे के कारोबारियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण श्रीमती मधुलिका सिंह एवं एसडीओपी कोटा श्रीमती नूपुर उपाध्याय के मार्गदर्शन में थाना रतनपुर पुलिस ने अवैध शराब परिवहन करने वालों पर कार्रवाई की।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि दो व्यक्ति रानीगांव शराब भट्ठी से मोटरसाइकिल में बड़ी मात्रा में देशी प्लेन शराब लेकर बिक्री के लिए जा रहे हैं। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी उपनिरीक्षक विष्णु यादव के नेतृत्व में पुलिस टीम ने खंडोबा मंदिर के पास घेराबंदी कर कार्रवाई की।पुलिस ने मोहदा निवासी प्रमोद यादव और मोहन निर्मलकर को पकड़कर उनके कब्जे से 30 पाव देशी प्लेन शराब, जिसकी कीमत लगभग 2400 रुपये बताई गई है, बरामद की। साथ ही शराब परिवहन में प्रयुक्त मोटर साइकिल भी जब्त की गई।पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।इस कार्रवाई में थाना प्रभारी विष्णु यादव,प्रधान आरक्षक सैय्यद अकबर अली, आरक्षक देवानंद चंद्राकर एवं हरीशंकर चंद्रा की महत्वपूर्ण भूमिका रही।रतनपुर पुलिस की यह कार्रवाई अवैध शराब कारोबार पर अंकुश लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नशे के अवैध कारोबार में लिप्त लोगों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।









