
बिलासपुर में मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से संपन्न कराने के लिए जिला एवं पुलिस प्रशासन ने व्यापक तैयारियां की हैं। कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी द्वारा 26 जून को मोहर्रम के अवसर पर सभी संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं।
मोहर्रम के दसवें दिन 26 जून को शाम 5 बजे से शहर के विभिन्न इमामबाड़ों से सवारियों और ताजियों के साथ विशाल जुलूस निकाला जाएगा, जो नगर भ्रमण के बाद देर रात विसर्जित किया जाएगा।
प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस विभाग को पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने के निर्देश दिए हैं। वहीं यातायात व्यवस्था सुचारू बनाए रखने के लिए प्रमुख मार्गों पर वन-वे ट्रैफिक लागू रहेगा और भारी वाहनों व चार पहिया वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध रहेगा। पार्किंग की भी विशेष व्यवस्था की जाएगी।
नगर निगम को साफ-सफाई, पेयजल और प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। स्वास्थ्य विभाग की ओर से सिम्स और जिला अस्पताल को अलर्ट मोड पर रखा गया है। आपात स्थिति से निपटने के लिए 108 एम्बुलेंस, डॉक्टरों की टीम और आवश्यक दवाइयों की व्यवस्था की गई है।
इसके अलावा फायर ब्रिगेड की गाड़ियां और सुरक्षा दल भी शहर के प्रमुख स्थानों पर तैनात रहेंगे। बिजली आपूर्ति बाधित न हो, इसके लिए विद्युत विभाग को विशेष टीम तैयार रखने के निर्देश दिए गए हैं।
जिला प्रशासन ने सभी विभागों और शांति समिति के सदस्यों से समन्वय बनाकर कार्य करने की अपील की है, ताकि बिलासपुर में मोहर्रम का पर्व आपसी भाईचारे, शांति और सौहार्द के साथ संपन्न हो सके।

मोहर्रम पर प्रशासन अलर्ट, सुरक्षा और सुविधाओं के लिए व्यापक इंतजाम">







