
बिलासपुर में सड़क दुर्घटना पीड़ितों को समय पर और बेहतर इलाज उपलब्ध कराने के उद्देश्य से प्रधानमंत्री सड़क दुर्घटना पीड़ित अस्पताल में भर्ती और सुनिश्चित उपचार योजना यानी PM-RAHAT के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर संभाग स्तरीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कलेक्ट्रेट के मंथन सभा कक्ष में आयोजित इस कार्यक्रम में पुलिस मुख्यालय के वरिष्ठ अधिकारियों, प्रशासन, परिवहन, स्वास्थ्य विभाग, एनआईसी तथा सड़क सुरक्षा से जुड़े विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने भाग लिया। प्रशिक्षण के दौरान अधिकारियों को PM-RAHAT योजना के साथ-साथ TMS 2.0, iRAD और eDAR पोर्टलों पर ऑनलाइन पंजीयन एवं तकनीकी प्रक्रियाओं की विस्तृत जानकारी दी गई।

अधिकारियों ने बताया कि इस योजना के तहत सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति को दुर्घटना की तारीख से सात दिनों तक अधिकतम 1 लाख 50 हजार रुपये तक का कैशलेस उपचार उपलब्ध कराया जाएगा। बिलासपुर जिले में थाना रतनपुर और सिविल लाइन क्षेत्र के दुर्घटना पीड़ितों को इस योजना के तहत कैशलेस उपचार का लाभ भी मिल चुका है।

प्रशिक्षण कार्यक्रम में डीआईजी यातायात एम.आर. आहिरे, एडीएम शिव बनर्जी, एएसपी यातायात रामगोपाल करियारे, आरटीओ असीम माथुर सहित संभाग के आठ जिलों से आए अधिकारी और चिकित्सक उपस्थित रहे।

बिलासपुर पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि सड़क दुर्घटना होने पर घायल व्यक्ति को गोल्डन ऑवर के भीतर नजदीकी अस्पताल पहुंचाएं,
ताकि उसे PM-RAHAT योजना का लाभ मिल सके और समय पर उपचार से जीवन बचाया जा सके।
“सड़क दुर्घटना के बाद अब इलाज की चिंता कम होगी। केंद्र सरकार की PM-RAHAT योजना के तहत दुर्घटना पीड़ितों को 1.5 लाख रुपये तक का निःशुल्क कैशलेस उपचार मिलेगा। बिलासपुर में इसके सफल क्रियान्वयन के लिए अधिकारियों को विशेष प्रशिक्षण दिया गया।”

सड़क दुर्घटना पीड़ितों को मिलेगा 1.5 लाख तक का मुफ्त इलाज, बिलासपुर में PM-RAHAT योजना पर संभाग स्तरीय प्रशिक्षण">






